– पधारा गांव के चार श्रद्धालुओं की मौत से पसरा मातम, परिजनों में मचा कोहराम

CITY NEWS FATEHPUR

फतेहपुर(CNF)। चित्रकूट दर्शन से लौटते समय हुए भीषण सड़क हादसे में घायल एक और श्रद्धालु की इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसे में अब तक एक ही गांव के चार लोगों की जान जा चुकी है। चौथी मौत की खबर मिलते ही बकेवर थाना क्षेत्र के पधारा गांव में मातम छा गया, जबकि मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

जानकारी के मुताबिक पधारा गांव निवासी जगदीश पुत्र स्व. रामनारायण बीती 14 अगस्त को गांव के अन्य लोगों के साथ ट्रैक्टर-ट्राली से चित्रकूट दर्शन के लिए गए थे। दर्शन के बाद सभी लोग वापस लौट रहे थे। इसी दौरान पन्ना जिले के समीप ट्रैक्टर चालक द्वारा अचानक ब्रेक लगाए जाने से ट्रैक्टर-ट्राली अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में महिला समेत दो श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे।

घायलों को उपचार के लिए अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया था। हादसे के करीब दस दिन बाद एक महिला घायल ने भी उपचार के दौरान दम तोड़ दिया था। वहीं हादसे में घायल एक अन्य व्यक्ति का करीब 20 दिनों से कानपुर के हैलट अस्पताल में इलाज चल रहा था। हालत में अपेक्षित सुधार न होने पर परिजन उसे निजी अस्पताल ले गए। वहां भी राहत नहीं मिलने पर सोमवार को लखनऊ ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने हालत गंभीर बताते हुए जवाब दे दिया।

इसके बाद परिजन घायल को वापस कानपुर लेकर पहुंचे और अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई। इस तरह हादसे में पधारा गांव के चार लोगों की मौत हो चुकी है। लगातार हो रही मौतों से गांव में शोक का माहौल है और मृतकों के परिवारों में चीख-पुकार मची हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now