अढ़ौली इंटर कॉलेज में एमडीएम की गुणवत्ता परखते बीईओ संजय कुमार सिंह।

अढ़ौली इंटर कॉलेज में भोजन, स्वच्छता और बैठक व्यवस्था का किया निरीक्षण

CITY NEWS FATEHPUR

धाता/फतेहपुर(CNF)। परिषदीय एवं सहायता प्राप्त विद्यालयों में बच्चों को मीनू के अनुसार गुणवत्तापूर्ण मध्यान्ह भोजन उपलब्ध कराने को लेकर शिक्षा विभाग ने निगरानी तेज कर दी है। मंडलायुक्त की समीक्षा बैठक में दिए गए निर्देशों के क्रम में खंड शिक्षा अधिकारी संजय कुमार सिंह लगातार विद्यालयों का निरीक्षण कर एमडीएम की गुणवत्ता और व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं।

बृहस्पतिवार को खंड शिक्षा अधिकारी संजय कुमार सिंह ने अढ़ौली इंटर कॉलेज पहुंचकर मध्यान्ह भोजन व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रधानाचार्य बृजेश कुमार सिंह के साथ बैठकर स्वयं भोजन चखा और भोजन की गुणवत्ता, साफ-सफाई तथा बच्चों की बैठक व्यवस्था को परखा। निरीक्षण के दौरान सभी व्यवस्थाएं संतोषजनक मिलने पर उन्होंने विद्यालय प्रशासन की सराहना की और व्यवस्थाओं को इसी तरह निरंतर बनाए रखने के निर्देश दिए।

बीईओ ने बताया कि इससे पहले प्राथमिक विद्यालय डेंडासई, कंपोजिट विद्यालय केशव रायपुर केवटमई तथा उच्च प्राथमिक विद्यालय परसिद्धपुर में भी एमडीएम व्यवस्था का निरीक्षण किया गया। इन विद्यालयों में प्रधानाध्यापक सूर्य प्रकाश सिंह, सतीश कुमार सिंह एवं कंचन सिंह द्वारा व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने पर उन्होंने सराहना की। डेंडासई विद्यालय में निरीक्षण के दौरान मौजूद अभिभावकों ने भी बच्चों को दिए जा रहे भोजन को चखकर व्यवस्था की प्रशंसा की।

खंड शिक्षा अधिकारी ने सभी एमडीएम आच्छादित परिषदीय एवं सहायता प्राप्त विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों को निर्देशित किया कि भोजन की गुणवत्ता के साथ स्वच्छता और बच्चों की पंक्तिबद्ध बैठक व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने कहा कि बच्चों को निर्धारित मीनू के अनुसार ही भोजन उपलब्ध कराया जाए तथा पीने के लिए स्वच्छ पानी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने विद्यालय प्रांगण में भोजन के समय कुत्ते, बिल्ली अथवा अन्य जानवरों के प्रवेश पर भी रोक लगाने के निर्देश दिए। बीईओ ने स्पष्ट किया कि एमडीएम व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now