लापता छात्र योगेश कुमार।
चार दिन से योगेश का सुराग नहीं, खराब सीसीटीवी कैमरों ने बढ़ाई जांच की मुश्किलें
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। शहर के रघुवंशपुरम स्थित सरस्वती बाल मंदिर इंटर कॉलेज का कक्षा 11 का छात्र योगेश कुमार चार दिन से रहस्यमय परिस्थितियों में लापता है। वह छह सितंबर की सुबह घर से साइकिल बनवाने के लिए निकला था, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटा। परिजनों ने रिश्तेदारों, परिचितों और संभावित स्थानों पर तलाश की, लेकिन छात्र का कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद पिता महेंद्र ने थाने में गुमशुदगी की तहरीर दी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है।
परिजनों के मुताबिक छह सितंबर की सुबह योगेश कुमार साइकिल बनवाने के लिए घर से निकला था। काफी समय बीतने के बाद भी जब वह घर नहीं पहुंचा तो परिजनों को चिंता हुई। पहले उन्होंने अपने स्तर से उसकी तलाश शुरू की। रिश्तेदारों और परिचितों से जानकारी करने के साथ ही आसपास के इलाकों में भी खोजबीन की गई, लेकिन योगेश का पता नहीं चला।
पुलिस की जांच में सथरियांव मार्ग पर साहू चक्की के पास से बाल मंदिर इंटर कॉलेज जाने वाले रास्ते पर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में योगेश साइकिल से जाता दिखाई दिया है। इसके बाद पुलिस ने जयरामनगर चौराहे के आसपास लगे कैमरों की फुटेज खंगालने का प्रयास किया, लेकिन वहां लगे कई कैमरे खराब मिले। इससे योगेश की आगे की लोकेशन पता करने में पुलिस को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
मामले में एक और पहलू सामने आने के बाद पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ाया है। बताया जा रहा है कि योगेश के मोबाइल पर उसी कॉलेज में पढ़ने वाली एक छात्रा के दो मैसेज मिले हैं। इसके आधार पर पुलिस ने छात्रा के परिजनों को बुलाकर पूछताछ भी की, लेकिन फिलहाल योगेश के संबंध में कोई ठोस जानकारी सामने नहीं आ सकी है।
चार दिन बीत जाने के बाद भी छात्र का पता नहीं चलने से परिजनों की चिंता लगातार बढ़ती जा रही है। परिवार के लोग अपने स्तर से भी योगेश की तलाश में जुटे हैं। पुलिस का कहना है कि उपलब्ध सीसीटीवी फुटेज और अन्य बिंदुओं के आधार पर छात्र की तलाश की जा रही है।
