थरियांव थाने में फरियादियों की समस्याएं सुनतीं डीएम निधि गुप्ता वत्स व साथ में एसपी अभिमन्यु मांगलिक।
– थरियांव थाने में पहुंचे 63 फरियादी, राजस्व के 45 और पुलिस से जुड़े 18 मामले आए सामने
– अधिकारियों ने मातहतों को निष्पक्षता और समयबद्ध ढंग से शिकायतों के निस्तारण के दिए निर्देश
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। माह के द्वितीय शनिवार को आयोजित थाना समाधान दिवस में जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स और पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने थरियांव थाने पहुंचकर फरियादियों की समस्याएं सुनीं। अधिकारियों ने एक-एक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को शिकायतों का त्वरित, निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
समाधान दिवस के दौरान कुल 63 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। इनमें 45 शिकायतें राजस्व विभाग से संबंधित रहीं, जबकि 18 मामले पुलिस विभाग से जुड़े थे। अधिकारियों की मौजूदगी में राजस्व से संबंधित सात तथा पुलिस विभाग से जुड़े पांच मामलों समेत कुल 12 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कराया गया। शेष शिकायतों के निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने राजस्व से जुड़े मामलों की सुनवाई करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि भूमि विवाद, कब्जे, पैमाइश और अन्य राजस्व संबंधी शिकायतों में केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित न रहें, बल्कि आवश्यकतानुसार मौके पर पहुंचकर जांच करें और नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि फरियादियों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और प्रत्येक शिकायत का गुणवत्तापूर्ण समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाए।
वहीं पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने पुलिस से संबंधित शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित पुलिस अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि थाना समाधान दिवस का उद्देश्य पीड़ितों को स्थानीय स्तर पर प्रभावी न्याय दिलाना है। शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही, उदासीनता अथवा अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
डीएम और एसपी ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि शिकायतों के निस्तारण की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए तथा फरियादी की संतुष्टि को प्राथमिकता में रखा जाए। समाधान दिवस के दौरान राजस्व और पुलिस विभाग के संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
इसी क्रम में जनपद के सभी क्षेत्राधिकारियों, थाना प्रभारियों और थानाध्यक्षों ने अपने-अपने थानों में थाना समाधान दिवस का आयोजन कर फरियादियों की समस्याएं सुनीं। प्राप्त शिकायतों को संबंधित विभागों को सौंपते हुए उनके समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण की कार्रवाई शुरू कराई गई।
