फोटो परिचय- प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को सम्मानित करते अतिथि।
– पोस्टर और प्रश्नोत्तरी में दिखी प्रतिभा, नाटिका के जरिए संरक्षण का संदेश
– महिला महाविद्यालय में विश्व ओजोन दिवस पर हुए विविध आयोजन
– विजेता छात्राओं को सम्मानित कर बढ़ाया उत्साह
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से डॉ. बीआर अंबेडकर राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय में मंगलवार को विश्व ओजोन दिवस-2026 के अवसर पर विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए। विज्ञान संकाय के तत्वावधान में हुए आयोजन में छात्राओं ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा के साथ ओजोन परत के महत्व और इसके संरक्षण की जरूरत को प्रभावी ढंग से सामने रखा।
कार्यक्रम के दौरान पोस्टर प्रतियोगिता, प्रश्नोत्तरी तथा नाटिका का आयोजन किया गया। छात्राओं ने विभिन्न माध्यमों के जरिए बताया कि ओजोन परत पृथ्वी को सूर्य की हानिकारक पराबैंगनी किरणों से बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। पोस्टरों के माध्यम से वर्ष 2026 की थीम ‘ठंडे ग्रह के लिए वैश्विक प्रयास’ को भी रेखांकित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ वरिष्ठ प्रोफेसर शकुंतला सहित महाविद्यालय के प्राध्यापकों ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर किया। पोस्टर प्रतियोगिता में छात्राओं ने ओजोन परत के महत्व, पर्यावरणीय प्रभाव और संरक्षण के उपायों को आकर्षक ढंग से प्रस्तुत किया। निर्णायक मंडल में डॉ. अनुष्का छौंकर, डॉ. प्रगति द्विवेदी एवं श्री आनंदनाथ शामिल रहे।
प्रतियोगिता में बीएससी द्वितीय वर्ष की सुकर्णा पटेल और स्नेहा सिंह ने संयुक्त रूप से प्रथम स्थान प्राप्त किया। बीएससी द्वितीय वर्ष की प्रसिद्धि श्रीवास्तव तथा बीए द्वितीय वर्ष की मरियम शमीम संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर रहीं। बीएससी प्रथम वर्ष की सोमिता सिंह ने तीसरा स्थान हासिल किया।
प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन वनस्पति विज्ञान विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. रमेश सिंह एवं जन्तु विज्ञान विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. राज कुमार ने कराया। इस दौरान डॉ. राज कुमार ने वर्ष 2024 के विश्व ओजोन दिवस के अवसर पर छात्राओं के बीच किए गए अपने शोध का प्रस्तुतीकरण भी किया। नाटिका के माध्यम से छात्राओं ने पर्यावरणीय चुनौतियों और ओजोन परत को सुरक्षित रखने के लिए सामूहिक प्रयास की आवश्यकता को रेखांकित किया।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. रमेश सिंह ने किया। इस अवसर पर प्रो. लक्ष्मीना भारती, प्रो. प्रशांत द्विवेदी, डॉ. शरद चंद्र राय, डॉ. शालिनी कनौजिया, डॉ. अमित कुमार तिवारी, बृजेश कुमार पाल, डॉ. शिखा सहित महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
