फोटो परिचय-  किसान दिवस में भाग लेते एडीएम वित्त एवं राजस्व विनय पाण्डेय व अन्य।

– लो वोल्टेज, ट्रांसफार्मर और अन्ना मवेशियों की समस्या उठी, अधिकारियों ने दिए मौके पर समाधान के निर्देश
– फार्मर रजिस्ट्री पूरी कराने और एफपीओ से जुड़कर योजनाओं का लाभ लेने की किसानों से अपील

CITY NEWS FATEHPUR

फतेहपुर(CNF)। किसानों की खेती से जुड़ी समस्याओं को सुनने और उनके समाधान की समीक्षा के लिए बुधवार को विकास भवन सभागार में किसान दिवस आयोजित किया गया। अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) विनय पाण्डेय की अध्यक्षता में हुई बैठक में किसानों ने बिजली, सिंचाई, ट्रांसफार्मर और अन्ना मवेशियों जैसी जमीनी समस्याएं अधिकारियों के सामने प्रमुखता से रखीं। किसानों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों को स्थलीय निरीक्षण कर समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

बैठक का संचालन उप कृषि निदेशक राम जतन मिश्र ने किया। उन्होंने पिछली किसान दिवस बैठक में किसानों की ओर से दर्ज कराई गई शिकायतों पर हुई कार्रवाई और अनुपालन की जानकारी दी। इसके बाद कृषि विभाग समेत विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने किसानों को शासन की योजनाओं और कृषि संबंधी सुविधाओं की जानकारी दी।

कृषि रक्षा अनुभाग के वरिष्ठ प्राविधिक सहायक शैलेश कुमार ने खरीफ फसलों में धान, अरहर, तिल, ज्वार और बाजरा सहित दलहनी एवं तिलहनी फसलों को कीटों तथा खरपतवार से बचाने के उपाय बताए। जिला कृषि अधिकारी नरोत्तम कुमार ने आगामी रबी सीजन को लेकर कृषि निवेश एवं बीज की उपलब्धता की जानकारी दी। उन्होंने किसानों से राजकीय कृषि बीज भंडारों से समय रहते बीज बुक कराने की अपील की।

उद्यान निरीक्षक सुनील कुमार ने उद्यान विभाग की योजनाओं के साथ आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी किसानों से साझा की। अधिकारियों ने किसानों से फार्मर रजिस्ट्री कराने और किसान उत्पादक संगठन (एफपीओ) से जुड़कर सामूहिक रूप से कृषि योजनाओं एवं बाजार की सुविधाओं का लाभ उठाने का भी आह्वान किया।

बिजली व्यवस्था को लेकर किसानों ने खोला मोर्चा

किसान दिवस में बिजली से संबंधित शिकायतें प्रमुखता से सामने आईं। कोरारी निवासी बाबू सिंह ने बहुआ पावर हाउस क्षेत्र में लगातार बनी लो वोल्टेज की समस्या का मुद्दा उठाते हुए इसके स्थायी समाधान की मांग की। उन्होंने क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था को बेहतर करने के लिए नया पावर हाउस बनवाए जाने की मांग भी रखी।

हसवां ब्लाक के सीतापुर निवासी शिवधेश मौर्य ने गांव में लगे 63 केवीए के ट्रांसफार्मर की क्षमता बढ़ाकर 100 केवीए किए जाने की मांग रखी। उन्होंने ट्रांसफार्मर से जुड़े निजी नलकूप के कनेक्शन को हटाने की मांग भी अधिकारियों के सामने रखी।

मलवां ब्लाक के भाऊपुर निवासी रज्जन सिंह ने खेतों और फसलों को नुकसान पहुंचा रहे अन्ना मवेशियों की समस्या उठाई। उन्होंने खुले में घूम रहे मवेशियों को गौशालाओं में संरक्षित कराने की मांग की। वहीं प्रेमसागर मिश्र ने जगतपुर आदिल गांव में विद्युत आपूर्ति की समस्या दूर कराने के साथ निजी नलकूपों के कनेक्शन कृषि फीडर से जोड़ने की मांग उठाई।

बैठक के दौरान उप कृषि निदेशक राम जतन मिश्र ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसान दिवस में प्राप्त शिकायतों को केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित न रखा जाए, बल्कि मौके पर पहुंचकर वास्तविक स्थिति की जांच करते हुए गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कराया जाए। उन्होंने किसानों से भी विभागीय योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवश्यक अभिलेख और प्रक्रियाएं समय से पूरी करने की अपील की।

किसान दिवस में सिंचाई, निचली गंगा नहर, विद्युत, नलकूप, सहकारिता, ड्रेनेज, मत्स्य, पशुपालन, जल निगम ग्रामीण तथा खाद्य एवं विपणन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। किसानों में लोकनाथ पाण्डेय, बाबू सिंह, रणविजय सिंह, रज्जन सिंह, शिवधेश मौर्य और प्रेमसागर मिश्र समेत अन्य किसान उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now