फोटो परिचय- बैठक में मौजूद भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता।
बिंदकी में किसानों पर दर्ज मुकदमों के विरोध में 28 सितंबर को कोतवाली घेराव का ऐलान
बैठक में संगठन विस्तार के साथ किसानों की समस्याओं पर भी हुआ मंथन
सिटी न्यूज फतेहपुर
फतेहपुर(CNF)। भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेश सिंह चौहान के जन्मदिन पर रविवार को संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने नहर कॉलोनी परिसर में कार्यक्रम आयोजित कर उत्साहपूर्वक जन्मदिन मनाया। कार्यकर्ताओं ने केक काटकर राष्ट्रीय अध्यक्ष के दीर्घायु एवं स्वस्थ जीवन की कामना की। इसके साथ ही जिला अस्पताल पहुंचकर भर्ती मरीजों के बीच फल वितरित किए गए और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की गई।
कार्यक्रम के बाद आयोजित संगठनात्मक बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष राजकुमार सिंह गौतम ने की। बैठक में किसानों से जुड़े विभिन्न मुद्दों, संगठन की गतिविधियों और आगामी कार्यक्रमों पर विस्तार से चर्चा की गई। पदाधिकारियों ने कहा कि किसानों की समस्याओं को लेकर संगठन लगातार आवाज उठाता रहेगा।
जिलाध्यक्ष राजकुमार सिंह गौतम ने आरोप लगाया कि बिंदकी कस्बे में संगठन की ओर से किसानों की समस्याओं को लेकर चलाए जा रहे धरना-प्रदर्शन के दौरान 12 पदाधिकारियों के खिलाफ बिंदकी पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। उन्होंने कहा कि संगठन इसे लेकर आगे आंदोलन करेगा। मुकदमा दर्ज किए जाने के विरोध में आगामी 28 सितंबर को बिंदकी कोतवाली का घेराव करने का निर्णय लिया गया है।
बैठक में संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के लिए कई पदाधिकारियों को नई जिम्मेदारियां भी सौंपी गईं। संगठन विस्तार के क्रम में असोथर निवासी शिवबचन सिंह को जिला संगठन मंत्री, दिनेश प्रताप सिंह को ब्लॉक अध्यक्ष असोथर, विकास सिंह को युवा ब्लॉक अध्यक्ष हुसवा तथा नीरज सिंह को तहसील उपाध्यक्ष सदर मनोनीत किया गया।
पदाधिकारियों ने नवनियुक्त जिम्मेदारों से किसानों के बीच सक्रिय रहकर संगठन को मजबूत करने और स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाने का आह्वान किया। बैठक में मौजूद कार्यकर्ताओं ने भी किसानों से जुड़े मुद्दों पर एकजुट होकर संघर्ष करने की बात कही।
इस अवसर पर अंकित सिंह, प्रदीप सिंह चौहान, प्रीतम सिंह, छोटे सिंह, दीपक गुप्ता, महेंद्र सिंह, बबलू सिंह, उमेश सिंह, मो. आजम, मो. मुश्ताक, अजय सिंह, सोनू सिंह, शैलेंद्र सिंह, अंगद सिंह, माता प्रसाद, रवि मौर्य, नरसिंह यादव, सत्यम सिंह, मो. नदीम, राधेश्याम पासवान, मो. जुगनू सहित बड़ी संख्या में संगठन के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
