फोटो परिचय- छात्रवृत्ति कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर मौजूद सेठ एम.आर. जयपुरिया स्कूल के अधिकारी एवं शिक्षकगण।

– सत्र 2027-28 के लिए ‘जोश जयपुरिया ओपन स्कॉलर हंट’ शुरू

– कक्षा 8 और 10 के विद्यार्थियों को मिलेगा मौका, पंजीकरण निःशुल्क

– बेहतर प्रदर्शन पर स्कूटी, लैपटॉप, स्मार्टफोन और फीस में 100 प्रतिशत तक की छूट

CITY NEWS FATEHPUR

फतेहपुर(CNF)। मेधावी विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करने की दिशा में सेठ एम.आर. जयपुरिया स्कूल ने शैक्षणिक सत्र 2027-28 के लिए ‘जोश जयपुरिया ओपन स्कॉलर हंट’ कार्यक्रम की शुरुआत की है। इसके तहत चयनित विद्यार्थियों को आकर्षक उपहारों के साथ फीस में विशेष छूट दी जाएगी। कार्यक्रम में वर्तमान में कक्षा 8 और कक्षा 10 में अध्ययनरत विद्यार्थी निःशुल्क पंजीकरण कराकर हिस्सा ले सकते हैं।

विद्यालय प्रबंधन के अनुसार, कक्षा 8 के विद्यार्थी कक्षा 9 और कक्षा 10 के विद्यार्थी कक्षा 11 में प्रवेश के लिए इस छात्रवृत्ति योजना का लाभ उठा सकेंगे। प्रतियोगिता में प्रदर्शन के आधार पर प्रथम स्थान पाने वाले विद्यार्थी को स्कूटी और 100 प्रतिशत फीस माफी, दूसरे स्थान पर लैपटॉप व 90 प्रतिशत, तीसरे स्थान पर लैपटॉप व 80 प्रतिशत, चौथे स्थान पर स्मार्टफोन व 70 प्रतिशत तथा पांचवें स्थान पर स्मार्टफोन व 60 प्रतिशत फीस माफी दी जाएगी।

इसी क्रम में छठे से दसवें स्थान तक आने वाले विद्यार्थियों को स्मार्टवॉच के साथ 50 प्रतिशत फीस में छूट मिलेगी। वहीं, 11वें स्थान से आगे निर्धारित मानकों के तहत क्वालिफाई करने वाले विद्यार्थियों को आठ हजार रुपये के कूपन गिफ्ट्स दिए जाएंगे।

कार्यक्रम का शुभारंभ एडिशनल डायरेक्टर गायत्री प्रसाद मिश्रा, मलवां के प्रधानाचार्य सिजो वर्गीस, फतेहपुर की हेडमिस्ट्रेस उर्वशी पांडेय, बिंदकी के हेडमास्टर हर्ष सिंह परिहार, मार्केटिंग हेड जरीना अंजुम और वाइस प्रिंसिपल देवेंद्र सिंह भदौरिया की उपस्थिति में हुआ।

इस अवसर पर गायत्री प्रसाद मिश्रा ने कहा कि छात्रवृत्ति कार्यक्रम विद्यार्थियों की प्रतिभा और मेहनत को पहचानने के साथ उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगा। विद्यालय प्रबंधन ने अभिभावकों और विद्यार्थियों से इस अवसर का लाभ उठाने तथा समय रहते निःशुल्क पंजीकरण कराने की अपील की।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now