फोटो परिचय- विकास कार्यों की मांग को लेकर एसडीएम को ज्ञापन सौंपते भाकियू (टिकैत) के युवा जिला उपाध्यक्ष विपिन सिंह यादव।
सुल्तानपुर घोष की पांच मांगों पर प्रशासन को दिया अल्टीमेटम
सड़क, नाली और इंटरलॉकिंग के अधूरे कामों को लेकर उठाई आवाज
CITY NEWS FATEHPUR
खागा/फतेहपुर(CNF)। क्षेत्रीय समस्याओं के समाधान और अधूरे विकास कार्यों को पूरा कराने की मांग को लेकर भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) ने आंदोलन का रुख अपनाया है। संगठन के युवा जिला उपाध्यक्ष विपिन सिंह यादव ने सुल्तानपुर घोष में पांच सूत्रीय मांगों को लेकर एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने प्रशासन को चेतावनी दी कि निर्धारित समयसीमा तक मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो 24 अक्टूबर से ऐरायां ब्लॉक कार्यालय में अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू करेंगे।
विपिन सिंह यादव ने क्षेत्र में सड़क निर्माण, इंटरलॉकिंग और नाली निर्माण समेत अन्य लंबित विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने की मांग की। उनका कहना है कि काम अधूरे रहने से स्थानीय लोगों को रोजमर्रा की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई बार समस्याएं उठाए जाने के बावजूद समाधान नहीं होने से लोगों में नाराजगी है।
भाकियू नेता ने संबंधित विभागीय अधिकारियों से मांगों पर समय रहते ठोस कदम उठाने की अपील की। साथ ही विकास कार्यों में कथित लापरवाही को लेकर खंड विकास अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग भी उठाई।
उन्होंने स्पष्ट किया कि 24 अक्टूबर तक समस्याओं का निस्तारण नहीं हुआ तो ब्लॉक कार्यालय में भूख हड़ताल शुरू की जाएगी। अब प्रशासन की कार्रवाई पर आंदोलन का अगला कदम निर्भर करेगा।
