फोटो परिचय-  कार्यक्रम में जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक को बुके भेंटकर सम्मानित करतीं छात्राएं।

* प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए सीएम अभ्युदय योजना से मिलेगी मुफ्त कोचिंग

* डीएम-एसपी ने आत्मविश्वास के साथ लक्ष्य की ओर बढ़ने का किया आह्वान

* महिला सुरक्षा और साइबर अपराध से बचाव के हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी

CITY NEWS FATEHPUR

फतेहपुर(CNF)। बेटियों को शिक्षा, सुरक्षा और स्वावलंबन के जरिए सफलता की राह दिखाने के उद्देश्य से शुक्रवार को सरदार वल्लभभाई पटेल प्रेक्षागृह में कैरियर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। मिशन शक्ति अभियान फेज-6.0 के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम में छात्राओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, कैरियर चयन और सरकारी योजनाओं के माध्यम से आगे बढ़ने के अवसरों की जानकारी दी गई। जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स और पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें अपने सपनों को साकार करने के लिए निरंतर मेहनत करने की प्रेरणा दी।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना को छात्राओं के लिए उपयोगी अवसर बताते हुए इसके तहत मिलने वाली निःशुल्क कोचिंग और मार्गदर्शन की जानकारी दी गई। छात्राओं को यूपीएससी, यूपीपीएससी, अधीनस्थ सेवा चयन आयोग सहित विभिन्न भर्ती परीक्षाओं के साथ जेईई मेन, नीट, एनडीए, सीडीएस, बैंकिंग, एसएससी, बीएड और टीईटी की तैयारी के संबंध में भी बताया गया। योजना में पंजीकरण, पात्रता, पाठ्यक्रम और परीक्षा की रणनीति से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा की गईं।

अधिकारियों ने कहा कि सफलता प्राप्त करने के लिए स्पष्ट लक्ष्य, नियमित अध्ययन, अनुशासन और आत्मविश्वास बेहद जरूरी हैं। छात्राएं अपनी रुचि और क्षमता के अनुसार कैरियर का चुनाव करें तथा उपलब्ध सरकारी योजनाओं का लाभ उठाकर आगे बढ़ें। शिक्षा और कौशल के जरिए आत्मनिर्भर बनना ही उनके उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव है।

कार्यक्रम में महिला सुरक्षा के प्रति जागरूकता पर भी विशेष जोर दिया गया। छात्राओं को आपातकालीन पुलिस सहायता के लिए 112, महिला उत्पीड़न संबंधी शिकायतों के लिए 1090 और साइबर अपराध की शिकायत दर्ज कराने के लिए 1930 हेल्पलाइन की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने अपील की कि किसी भी प्रकार के उत्पीड़न, असुरक्षा या साइबर ठगी की स्थिति में छात्राएं चुप न रहें और तत्काल सहायता लें। मिशन शक्ति के तहत आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को सुरक्षित वातावरण, बेहतर कैरियर अवसर और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करना रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now