फोटो परिचय-  चोरी की वारदात के बाद मकान की पिछली दीवार में लगी सेंध।

* दीवार काटकर घर में घुसे चोर, सोने-चांदी के आभूषण और नकदी समेत गेहूं भी ले गए

* पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज, पुलिस ने शुरू की चोरों की तलाश

CITY NEWS FATEHPUR

खागा, फतेहपुर(CNF)। नवरात्र के दौरान दुर्गा पंडाल में दर्शन करने गए एक परिवार के सूने मकान को चोरों ने निशाना बना लिया। किशनपुर थाना क्षेत्र के दरियापुर मजरा बरार गांव में अज्ञात चोर घर की पिछली दीवार काटकर अंदर घुसे और लाखों रुपये के जेवरात, नकदी व अन्य सामान लेकर फरार हो गए। घर लौटने पर दीवार में सेंध और सामान गायब देखकर परिवार के लोग स्तब्ध रह गए। पीड़ित ने चोरी गए सामान की कीमत करीब छह लाख रुपये बताई है।

जानकारी के मुताबिक, गांव निवासी राजेंद्र कुमार पुत्र राजेश कुमार निषाद ने बताया कि बीती रात करीब दस बजे परिवार के सभी सदस्य गांव में आयोजित दुर्गा पंडाल में दर्शन करने गए थे। इसी दौरान चोरों ने घर के पीछे की दीवार में सेंध लगाकर वारदात को अंजाम दिया। पीड़ित की पत्नी मुरैली देवी के अनुसार, चोर सोने का तीन पत्ती वाला हार, झुमके, लॉकेट, हाथफूल, करधनी, बेंसर, कमर का बिछुआ, लगभग पाव भर चांदी की छागल, छह वर्षीय बेटी मुस्कान की चांदी की पायल और चार हजार रुपये नकद उठा ले गए। इसके अलावा एक कुंतल गेहूं और सामान से भरा बड़ा बक्सा भी चोरी कर लिया।

घटना की जानकारी होने पर पीड़ित ने यूपी-112 और किशनपुर थाना पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू की। किशनपुर थाना प्रभारी मनीष सिंह ने बताया कि पीड़ित की शिकायत के आधार पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और चोरी का खुलासा करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now