फोटो परिचय- सर सैयद डे के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में मौजूद विद्यालय के शिक्षक, विद्यार्थी एवं अतिथि।

– सर सैयद डे पर आधुनिक शिक्षा और सामाजिक उत्थान के विचारों को किया गया याद

– विद्यार्थियों ने ‘यह मेरा चमन है, मेरा चमन’ तराने से बांधा समां

CITY NEWS FATEHPUR

फतेहपुर(CNF)। शिक्षा के जरिए समाज को नई दिशा देने वाले महान शिक्षाविद् सर सैयद अहमद खां के विचारों को आत्मसात करते हुए पक्का तालाब स्थित ब्रिलियंट ओरियंटल हायर सेकेंड्री स्कूल (बीओएस) में उनका जन्मदिवस सर सैयद डे के रूप में मनाया गया। कार्यक्रम में आधुनिक शिक्षा, ज्ञान-विज्ञान और शैक्षिक जागरूकता के महत्व पर चर्चा हुई। वहीं, विद्यालय को सीबीएसई से मान्यता मिलने की खुशी में शिक्षकों और प्रबंधन ने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के संकल्प को दोहराया।

विशेष असेंबली में विद्यार्थियों ने ‘यह मेरा चमन है, मेरा चमन’ तराना प्रस्तुत कर माहौल को खुशनुमा बना दिया। वक्ताओं ने कहा कि सर सैयद अहमद खां ने शिक्षा को समाज के विकास और बदलाव का सशक्त माध्यम माना था। उनके विचार आज भी विद्यार्थियों को ज्ञान अर्जित करने और जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।

झांसी से आईं गुलअफ्शा जबीं ने सर सैयद के योगदान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने आधुनिक शिक्षा को बढ़ावा देकर समाज की प्रगति का मार्ग प्रशस्त किया। डायरेक्टर कृष्णा उप्पल ने कहा कि सर सैयद दूरदर्शी शिक्षाविद् थे, जिन्होंने अंग्रेजी और आधुनिक ज्ञान की उपयोगिता को समझते हुए शिक्षा के प्रसार पर जोर दिया।

प्रिंसिपल सैयद फजलुर्रहमान बाकरी ने कहा कि सीबीएसई की मान्यता विद्यालय के लिए उपलब्धि के साथ-साथ एक बड़ी जिम्मेदारी भी है। इससे विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षिक वातावरण उपलब्ध कराने और पढ़ाई के स्तर को लगातार ऊंचा उठाने की प्रेरणा मिलेगी। एकेडमिक इंचार्ज अफजल अहमद ने विद्यार्थियों को मेहनत, लगन और अनुशासन के साथ पढ़ाई करने तथा अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (एएमयू) सहित देश के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों में प्रवेश पाने के लिए प्रेरित किया।

चेयरमैन सैयद वासिफ हुसैन ने कहा कि विद्यालय की स्थापना का उद्देश्य समाज में शिक्षा का प्रसार करना और विद्यार्थियों को बेहतर भविष्य के लिए तैयार करना है। उन्होंने सीबीएसई की मान्यता को शिक्षकों और कर्मचारियों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम बताते हुए विद्यालय को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए एकजुट होकर काम करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में खदीजा, मुनीबा और जकिया मदनी ने भी सर सैयद अहमद खां के विचारों और शैक्षिक दृष्टिकोण पर अपने विचार रखे। संचालन कोऑर्डिनेटर सैयद ताहिर हसन ने किया।

इस अवसर पर आसिफ हुसैन, वकील अहमद, अरशद अंसारी, मेराज सैफी, जायर रिजवी, ताहिर हुसैन, मुफ्ती वसीम, सूफिया, शबनम, मोहसिन, फरहीन एजाज और इरम नकवी सहित अन्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम की मीडिया टीम में तहजीब, फातिमा, अलविना और खुशी ने सहयोग किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now