फोटो परिचय-  अपनी शिकायत के संबंध में जानकारी देते गाजीपुर ग्राम प्रधान विक्रम प्रताप सिंह।

– ग्राम प्रधान विक्रम प्रताप सिंह ने लगाए गंभीर आरोप, निष्पक्ष जांच की उठाई मांग

– विकास भवन में आत्मदाह के प्रयास के पीछे छवि खराब करने की मंशा होने का किया दावा

CITY NEWS FATEHPUR

फतेहपुर(CNF)। गाजीपुर ग्राम पंचायत के प्रधान विक्रम प्रताप सिंह ने पूर्व प्रधान जब्बर सिंह उर्फ अजय कुमार सिंह पर पांच लाख रुपये और पंचायत भवन में नवनिर्मित दुकान मांगने का आरोप लगाया है। प्रधान का दावा है कि मांग पूरी न होने पर उन्हें परेशान किया गया और उनकी छवि धूमिल करने की कोशिश की गई। उन्होंने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराकर आवश्यक कार्रवाई किए जाने की मांग उठाई है।

विक्रम प्रताप सिंह के मुताबिक, पूर्व प्रधान करीब एक माह पहले उनके घर पहुंचे थे। आरोप है कि इस दौरान पांच लाख रुपये और पंचायत भवन में बनी नई दुकान की मांग की गई। इसके बाद फोन के माध्यम से भी कथित तौर पर रुपये और दुकान मांगी गई। प्रधान ने मांग पूरी नहीं करने पर धमकाने तथा ग्राम पंचायत के कार्यों में अनावश्यक हस्तक्षेप करने का भी आरोप लगाया है।

प्रधान का कहना है कि दो दिन पहले पूर्व प्रधान ने विकास भवन में आत्मदाह का प्रयास किया था। विक्रम प्रताप सिंह ने इस घटना को अपनी छवि खराब करने की कोशिश बताते हुए आरोपों की जांच कराने की मांग की है। हालांकि, इस संबंध में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

उन्होंने पूर्व प्रधान पर खलिहान की सुरक्षित भूमि पर मकान बनाकर कब्जा करने और आसपास की ग्राम समाज की जमीनों पर भी अवैध कब्जे का आरोप लगाया है। उनका दावा है कि कथित कब्जे का विरोध करने के बाद उनके खिलाफ अफवाहें फैलाकर सामाजिक छवि को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। प्रधान ने पूर्व प्रधान के खिलाफ गाजीपुर थाने में करीब 11 मुकदमे दर्ज होने का भी दावा किया है।

जांच के बाद स्पष्ट होगी स्थिति

मामले में जिला पंचायत राज अधिकारी (डीपीआरओ) ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद जांच की जा रही है। अब जांच में रुपये और दुकान की कथित मांग, जमीन पर कब्जे से जुड़े आरोपों तथा दोनों पक्षों के दावों की पड़ताल के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now