फोटो परिचय-  अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती चाकू के हमले से घायल युवक।

* रास्ते में रोककर हमलावर ने युवक पर किए कई वार, मौके पर हुआ बेहोश

* वारदात के बाद बाइक छोड़कर भागा आरोपी, पुलिस ने शुरू की तलाश

CITY NEWS FATEHPUR

खागा, फतेहपुर(CNF)। खखरेरू कस्बे में शुक्रवार शाम चाकूबाजी की सनसनीखेज घटना सामने आई। बाइक से जा रहे 22 वर्षीय युवक को रास्ते में रोककर एक हमलावर ने चाकू से कई वार कर दिए। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गया। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी अपनी बाइक मौके पर छोड़कर फरार हो गया। घायल की नाजुक हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल मंझनपुर रेफर कर दिया।

खखरेरू कस्बा निवासी हर्षल सोनकर (22) पुत्र श्यामलाल सोनकर शुक्रवार शाम करीब साढ़े छह बजे बाइक से अपने भाई के पास जा रहा था। उसका भाई कस्बे में फल की दुकान लगाता है। इसी दौरान रास्ते में एक व्यक्ति ने हर्षल को रोक लिया और अचानक उस पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। लगातार वार होने से हर्षल गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही बेहोश हो गया।

घटना के बाद हमलावर अपनी बाइक वहीं छोड़कर भाग निकला। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायल युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खखरेरू पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल मंझनपुर रेफर कर दिया। अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में युवक का उपचार चल रहा है।

बाइक के सहारे आरोपी तक पहुंचने की कोशिश

चाकूबाजी की सूचना मिलते ही पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच-पड़ताल शुरू कर दी। मौके से हमलावर की बाइक बरामद की गई है। थाना प्रभारी सत्यपाल सिंह ने बताया कि घायल को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। घटनास्थल से मिली बाइक के आधार पर आरोपी की तलाश की जा रही है। हमले के पीछे की वजह का पता लगाने के लिए पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now