– बिना रवन्ना और ओवरलोडिंग पर दो डंपरों के खिलाफ कार्रवाई

– रेलवे ओवरब्रिज पर वाहन बैक करने से लगा जाम, कुछ देर बाधित रहा आवागमन

CITY NEWS FATEHPUR

खागा, फतेहपुर(CNF)। ओवरलोड वाहनों के खिलाफ प्रशासन की सख्ती से सोमवार सुबह खागा क्षेत्र में डंपर और ट्रक चालकों के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया। उपजिलाधिकारी ने किशनपुर रोड स्थित अपने आवास के सामने से गुजर रहे ओवरलोड डंपरों को रोककर जांच की। इस दौरान जरूरी रवन्ना उपलब्ध न होने और निर्धारित क्षमता से अधिक माल लदे होने पर दो डंपरों के खिलाफ कार्रवाई की गई।

प्रशासन की चेकिंग की जानकारी मिलते ही पीछे से आ रहे अन्य वाहन चालकों में हलचल मच गई। बताया जाता है कि एक डंपर चालक ने कार्रवाई से बचने के लिए रेलवे ओवरब्रिज पर ही वाहन को पीछे करने का प्रयास किया, लेकिन पुल की संकरी जगह के कारण वह ऐसा नहीं कर सका। ब्रिज से नीचे उतरते ही चालक ने आनन-फानन में डंपर को बैक किया और वापस लौट गया।

संकरी सड़क पर डंपर को पीछे करने के कारण कुछ देर के लिए यातायात प्रभावित हुआ और राहगीरों को जाम में फंसना पड़ा। अचानक हुई इस कार्रवाई के बाद ओवरलोड वाहन चालकों में चेकिंग को लेकर सतर्कता बढ़ गई। प्रशासन की इस पहल से क्षेत्र में ओवरलोडिंग और परिवहन नियमों के उल्लंघन पर निगरानी का संदेश गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now