फोटो परिचय- गांजा तस्करी के मामले में गिरफ्तार आरोपी के साथ पुलिस टीम।

– हथगांव पुलिस ने 1.898 किलोग्राम गांजा और स्विफ्ट डिजायर कार की बरामद

– ओडिशा से गांजा लाकर आसपास के क्षेत्रों में बिक्री करने वाले गिरोह से जुड़ाव का आरोप

– पूर्व में पकड़े गए तीन आरोपियों से जुड़े मामले की विवेचना में सामने आया नाम

CITY NEWS FATEHPUR

फतेहपुर(CNF)। जिले में गांजा तस्करी के खिलाफ चल रही कार्रवाई के तहत हथगांव पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से करीब दो किलोग्राम अवैध गांजा, तस्करी में इस्तेमाल की जा रही स्विफ्ट डिजायर कार, एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन और 220 रुपये नकद बरामद किए हैं। आरोपी को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया गया।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान राधानगर थाना क्षेत्र की नई बस्ती निवासी चंदन गुप्ता (28) पुत्र सोमदेव गुप्ता के रूप में हुई है। उसके पास से कुल 1 किलो 898 ग्राम गांजा बरामद हुआ है। पुलिस का दावा है कि आरोपी ओडिशा से गांजा लाकर फतेहपुर और आसपास के इलाकों में उसकी बिक्री करने वाले गिरोह से जुड़ा हुआ है।

पहले तीन आरोपियों की हो चुकी है गिरफ्तारी

इस मामले में 18 अक्टूबर को हथगांव पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया था। उस दौरान पुलिस ने उनके कब्जे से 19 किलो 30 ग्राम गांजा, कूटरचित एचएसआरपी नंबर प्लेट और तस्करी में इस्तेमाल किया जा रहा महिंद्रा टीयूवी वाहन बरामद करने की जानकारी दी थी। इस संबंध में हथगांव थाने में मुकदमा संख्या 207/2026 दर्ज किया गया था। मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के साथ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत कार्रवाई की गई थी। गिरफ्तार तीनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया था।

विवेचना के दौरान पुलिस को थी तलाश

पुलिस के मुताबिक, पूर्व में दर्ज मुकदमे की विवेचना के दौरान चंदन गुप्ता का नाम सामने आया था। इसके बाद से पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी। रविवार को उसे गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक आलोक कुमार तिवारी, उपनिरीक्षक बुद्धिमान सिंह, मुख्य आरक्षी राजेश सिंह तथा आरक्षी रणवीर सिंह और चंदन यादव शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now