फोटो परिचय-  अयोध्या कुटी मेला मैदान में रावण, मेघनाद और कुंभकरण के पुतलों का दहन करते श्रद्धालु।

– फतेहपुर के अयोध्या कुटी मैदान में रावण, मेघनाद और कुंभकरण के पुतले अग्नि के हवाले

– बिंदकी के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में उमड़ा जनसैलाब, डीएम-एसपी और दो विधायकों ने की सहभागिता

CITY NEWS FATEHPUR

फतेहपुर(CNF)। असत्य पर सत्य और अधर्म पर धर्म की विजय का प्रतीक दशहरा पर्व जिले में उल्लास और धार्मिक उत्साह के साथ मनाया गया। शहर से लेकर कस्बों तक आयोजित रामलीला और रावण दहन कार्यक्रमों में लोगों की भारी भीड़ उमड़ी। भगवान श्रीराम के जयकारों के बीच रावण, मेघनाद और कुंभकरण के पुतलों का दहन किया गया। आतिशबाजी और उत्सवी माहौल ने दशहरा महोत्सव की रौनक बढ़ा दी।

शहर के कालिकन रोड स्थित अयोध्या कुटी मेला मैदान में पूर्व विधायक विक्रम सिंह की ओर से दशहरा मेले और रावण दहन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मैदान में रावण, मेघनाद और कुंभकरण के विशालकाय पुतले आकर्षण का केंद्र रहे। निर्धारित समय पर भगवान श्रीराम के स्वरूप ने तीनों पुतलों पर तीर चलाया, जिसके बाद वे धू-धूकर जल उठे। रंग-बिरंगी आतिशबाजी के बीच पूरा मैदान जय श्रीराम के उद्घोष से गूंज उठा। मेले में बच्चों, महिलाओं और परिवारों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष अन्नू श्रीवास्तव, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष राजकुमार मौर्य एडवोकेट सहित अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

बिंदकी में ऐतिहासिक रामलीला मैदान में उमड़ी भीड़

उधर, बिंदकी नगर के ऐतिहासिक श्रीरामलीला मैदान में दशहरा महोत्सव के तीसरे दिन श्रद्धालुओं और दर्शकों का सैलाब उमड़ा। रामलीला मंचन के दौरान मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम की सेना और रावण की सेना के बीच भीषण युद्ध का दृश्य प्रस्तुत किया गया। रात करीब आठ बजे भगवान श्रीराम के हाथों रावण वध के साथ अधर्म के अंत का संदेश दिया गया।

इसके बाद दशहरा महोत्सव की परंपरा के अनुरूप जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स और पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक की मौजूदगी में रावण के पुतले का दहन किया गया। पुतले के जलते ही मेला मैदान जय श्रीराम के नारों से गूंज उठा। कार्यक्रम में बिंदकी विधायक जयकुमार सिंह जैकी और जहानाबाद विधायक राजेंद्र सिंह पटेल सहित कई गणमान्य लोग शामिल हुए।

दोनों स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों ने दशहरा पर्व की पारंपरिक छटा को जीवंत कर दिया। रावण दहन के माध्यम से लोगों को अहंकार, अन्याय और बुराई का त्याग कर सत्य एवं सदाचार के मार्ग पर चलने का संदेश दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now