फोटो परिचय- पुलिस लाइन में हत्याकांड का खुलासा करते एसपी अभिमन्यु मांगलिक।
– वारदात के 12 घंटे के भीतर पुलिस ने आरोपी को दबोचा, 1.41 लाख रुपये बरामद
– 50 हजार रुपये के लेनदेन को लेकर हुआ था विवाद, सोते समय सिर पर किए थे वार
– खून से सनी टी-शर्ट और हत्या में इस्तेमाल लकड़ी का बोटा पुलिस ने कब्जे में लिया
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। उधार की रकम वापस मांगने को लेकर शुरू हुआ विवाद एक सेल्समैन की हत्या की वजह बन गया। बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के दुगरेई गांव में देशी शराब के ठेके पर काम करने वाले सेल्समैन की सिर पर लकड़ी के बोटे से वार कर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद आरोपी ठेके से 1.41 लाख रुपये लेकर फरार हो गया। पुलिस ने मामले की जांच करते हुए महज 12 घंटे के भीतर घटना का खुलासा कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से लूटी गई पूरी नकदी, खून के छींटों वाली टी-शर्ट और हत्या में प्रयुक्त लकड़ी का बोटा बरामद किया गया है।
पुलिस लाइन में शनिवार को पत्रकारों से बातचीत के दौरान पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि 23 अक्टूबर की रात दुगरेई गांव स्थित देशी शराब के ठेके पर सेल्समैन सतेंद्र सिंह चौहान (28) दुकान बंद करने के बाद पास में बने टीनशेड के बरामदे में सो रहा था। रात करीब 1:30 बजे उसके सिर पर किसी भारी वस्तु से हमला किए जाने की जानकारी परिजनों को मिली। परिजन उसे तत्काल मेडिकल कॉलेज अल्लीपुर लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटनास्थल पर शराब के ठेके का ताला खुला मिला और गल्ले में रखी बिक्री की नकदी गायब थी। मृतक के पिता कुंवर बहादुर सिंह की तहरीर पर बिंदकी कोतवाली में हत्या और लूट का मुकदमा दर्ज किया गया।
50 हजार रुपये के लेनदेन ने बढ़ाई दुश्मनी
एसपी के मुताबिक, घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की कई टीमें गठित कर जांच शुरू की गई। छानबीन के दौरान दुगरेई गांव निवासी कृष्णा तिवारी का नाम सामने आया। पता चला कि वह मृतक के साथ बैठकर शराब पीता था और ताश भी खेलता था। आरोपी ने सतेंद्र सिंह से 50 हजार रुपये उधार ले रखे थे। सतेंद्र लगातार उससे रकम वापस मांग रहा था, जिसको लेकर दोनों के बीच तनाव चल रहा था।
पुलिस के अनुसार, वारदात वाली रात भी रुपये मांगने को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई थी। विवाद के बाद कृष्णा वहां से अपने घर चला गया, लेकिन कुछ देर बाद दोबारा शराब के ठेके पर पहुंचा। वहां सो रहे सतेंद्र के सिर पर लकड़ी के बोटे से दो बार प्रहार कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी ने मृतक के सिरहाने रखे तकिये के नीचे से ठेके की चाबी निकाली और ताला खोलकर गल्ले में रखे 1.41 लाख रुपये निकाल लिए।
नहर पुलिया के पास घेराबंदी कर पकड़ा
पुलिस ने आरोपी की तलाश में संभावित रास्तों पर निगरानी बढ़ाई। इसी दौरान जोनिहा से चांदपुर होते हुए हमीरपुर की ओर जाने वाले मार्ग पर शहजादीपुर नहर पुलिया के पास घेराबंदी की गई। पुलिस टीम ने सफेद रंग का इलेक्ट्रिक ऑटो रोककर उसमें सवार कृष्णा तिवारी को गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान ऑटो की डिग्गी से लूटी गई 1.41 लाख रुपये की पूरी रकम और खून के छींटों वाली सफेद टी-शर्ट बरामद हुई। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल खून से सना लकड़ी का बोटा भी बरामद कर लिया। पुलिस के मुताबिक, टी-शर्ट को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा जाएगा। बरामदगी के आधार पर दर्ज मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 317(2) भी बढ़ाई गई है। आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया।
