– मिशन शक्ति टीम ने सार्वजनिक स्थलों और गांवों में महिलाओं से किया सीधा संवाद

– छेड़छाड़, उत्पीड़न और साइबर ठगी से बचाव के बताए उपाय, हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी

CITY NEWS FATEHPUR

फतेहपुर(CNF)। महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराने तथा अपराधों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए पुलिस ने जिले में अभियान चलाकर जनसंवाद किया। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन में सोमवार को मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत विभिन्न थानों की मिशन शक्ति एवं एंटी रोमियो टीमों ने बाजारों, सार्वजनिक स्थानों और ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर महिलाओं व किशोरियों को सुरक्षा संबंधी जानकारियां दीं।

अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने महिलाओं को उनके अधिकारों, आत्मरक्षा के उपायों और किसी भी संकट के समय तत्काल सहायता प्राप्त करने के तरीकों से अवगत कराया। पुलिसकर्मियों ने कहा कि छेड़छाड़, उत्पीड़न या अन्य किसी प्रकार की परेशानी होने पर चुप रहने के बजाय इसकी सूचना पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

ग्राम चौपाल में सुनीं समस्याएं

ग्रामीण क्षेत्रों में चौपाल लगाकर स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनी गईं। पुलिस ने शिकायतों के निस्तारण की प्रक्रिया समझाते हुए लोगों को कानून के प्रति जागरूक किया। महिलाओं और बालिकाओं को बताया गया कि जरूरत पड़ने पर महिला हेल्पलाइन 1090, पुलिस आपातकालीन सेवा 112, एंबुलेंस सेवा 108 और चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 पर संपर्क किया जा सकता है। वहीं, ऑनलाइन धोखाधड़ी की शिकायत के लिए साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 की जानकारी दी गई।

पुलिस टीमों ने साइबर अपराध से बचने के लिए सतर्कता बरतने और संदिग्ध कॉल, लिंक अथवा ऑनलाइन गतिविधियों से सावधान रहने की अपील भी की। अभियान के माध्यम से पुलिस ने महिलाओं में सुरक्षा का विश्वास बढ़ाने, शिकायतों के प्रति झिझक दूर करने और उन्हें अपने अधिकारों के प्रति सजग बनाने का प्रयास किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now