फोटो परिचय- विकास कार्यों की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को निर्देश देतीं जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स।
– सीएम डैशबोर्ड की रैंकिंग सुधारने के लिए विभागों को कार्ययोजना बनाने की हिदायत
– फैमिली आईडी, लंबित भुगतान और निर्माण कार्यों में तेजी लाने पर जोर
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। सरकारी योजनाओं की प्रगति और निर्माण कार्यों में लापरवाही पर जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने सख्त रुख अपनाया है। मंगलवार को कलेक्ट्रेट के महात्मा गांधी सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में सद्भाव मंडप निर्माण की खामियां दूर न होने और जल निगम ग्रामीण के कार्यों में धीमी प्रगति पर वक्फ विकास निगम के अवर अभियंता (जेई) तथा जल निगम ग्रामीण के अधिशासी अभियंता का वेतन रोकने के निर्देश दिए।
डीएम ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के लंबित आवेदनों का प्रत्येक माह के अंत तक निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। सीएम डैशबोर्ड पर विभागीय प्रगति की रिपोर्ट समय से अपलोड करने और गलत आंकड़ों को संबंधित मुख्यालय से समन्वय कर दुरुस्त कराने को कहा। बी, सी और डी श्रेणी में शामिल विभागों को रैंकिंग सुधारने के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार करने, जबकि ए श्रेणी वाले विभागों को अपनी स्थिति बनाए रखने के निर्देश दिए।
फैमिली आईडी बनाने में तेजी लाने के लिए जिला विकास अधिकारी को अधिशासी अधिकारियों और खंड विकास अधिकारियों के साथ बैठक कर कार्ययोजना तैयार करने को कहा गया। वहीं, डीसी एनआरएलएम को अधिक परिवारों को स्वयं सहायता समूहों से जोड़ने, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को समय पर पशुओं का टीकाकरण कराने और जिला पूर्ति अधिकारी को रिक्त राशन दुकानों का नियमानुसार आवंटन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
प्रधानमंत्री जननी सुरक्षा योजना के तहत लंबित भुगतान शीघ्र कराने और इसकी रिपोर्ट उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी मुख्य चिकित्सा अधिकारी को सौंपी गई। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, सीएमओ, परियोजना निदेशक डीआरडीए, जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, लोक निर्माण विभाग व जल निगम के अधिशासी अभियंता समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी और कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
