फोटो परिचय- जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपते उत्तम उद्योग व्यापार मंडल के पदाधिकारी।
* खाद्य सुरक्षा नियमों के पालन में व्यावहारिक राहत और स्पष्ट दिशा-निर्देश देने की मांग
* डीएम से मिलकर कारोबारियों के हितों की सुरक्षा के लिए सौंपा मांगपत्र
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। मिठाई कारोबार से जुड़े व्यापारियों की समस्याओं और खाद्य सुरक्षा नियमों के क्रियान्वयन में आ रही व्यावहारिक दिक्कतों को लेकर उत्तम उद्योग व्यापार मंडल उत्तर प्रदेश ने प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराया है। संगठन के पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी से मुलाकात कर यूज बाई डेट (उपयोग की अंतिम तिथि) संबंधी व्यवस्था को कारोबार की प्रकृति के अनुरूप लागू कराने की मांग की।
प्रदेश अध्यक्ष कृष्ण कुमार तिवारी के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट पहुंचे व्यापार मंडल के प्रतिनिधिमंडल ने ज्ञापन के जरिए कहा कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य की सुरक्षा सर्वोपरि है। संगठन भी इन उद्देश्यों का समर्थन करता है, लेकिन नियमों के निर्धारण और उनके पालन में मिठाई व्यवसाय की अलग-अलग परिस्थितियों को नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए।
ज्ञापन में मांग की गई कि विभिन्न प्रकार की मिठाइयों की गुणवत्ता, प्रकृति और सुरक्षित उपयोग की अवधि को ध्यान में रखते हुए वैज्ञानिक आधार पर उनकी शेल्फ लाइफ तय की जाए। छोटे एवं मध्यम दुकानदारों को यूज बाई डेट अंकित करने की प्रक्रिया समझाने के साथ प्रशिक्षण और तकनीकी सहयोग भी उपलब्ध कराया जाए।
व्यापार मंडल ने यह मुद्दा भी उठाया कि किसी शिकायत पर सीधे दंडात्मक कार्रवाई करने के बजाय संबंधित व्यापारी को अपना पक्ष रखने का पर्याप्त अवसर मिलना चाहिए। बिना ठोस जांच और प्रमाण के पुलिस हस्तक्षेप, छापेमारी तथा प्रतिष्ठानों की सार्वजनिक छवि प्रभावित करने वाली कार्रवाई से बचने की जरूरत बताई गई।
संगठन ने खाद्य सुरक्षा विभाग और व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों की संयुक्त बैठक जिला स्तर पर आयोजित कराने का सुझाव दिया, ताकि नियमों के पालन में आने वाली कठिनाइयों पर चर्चा कर समाधान निकाला जा सके। पदाधिकारियों का कहना था कि उपभोक्ताओं को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के साथ उन व्यापारियों के हितों का संरक्षण भी जरूरी है, जो नियमों के दायरे में रहकर अपना कारोबार कर रहे हैं।
ज्ञापन देने वालों में जिलाध्यक्ष मनोज कुमार साहू, जिला कोषाध्यक्ष संदीप श्रीवास्तव, जिला महामंत्री जय किशन, सौरभ गुप्ता, सलामत अली, इसराइल, अनिल महाराज, गोविंद सिंह सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
