फोटो परिचय- अस्थायी आतिशबाजी दुकानों के लिए निर्धारित स्थल का निरीक्षण करते प्रशासनिक एवं अग्निशमन विभाग के अधिकारी।
* मोदी ग्राउंड और एमजी कॉलेज परिसर का अधिकारियों ने किया निरीक्षण
* अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। दीपावली पर आतिशबाजी की बिक्री के दौरान किसी भी संभावित हादसे को रोकने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में बुधवार को प्रशासनिक अधिकारियों और अग्निशमन विभाग की संयुक्त टीम ने शहर में पटाखा बिक्री के लिए चिह्नित अस्थायी स्थलों के साथ स्थायी दुकानों की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि आतिशबाजी कारोबार में नियमों की अनदेखी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
एसडीएम सदर पिनांक पाणि द्विवेदी, क्षेत्राधिकारी दुर्गेश कुमार, मुख्य अग्निशमन अधिकारी जसवीर सिंह तथा नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी रविंद्र कुमार ने मोदी ग्राउंड राधानगर और एमजी कॉलेज शांतीनगर पहुंचकर प्रस्तावित आतिशबाजी बाजारों का निरीक्षण किया। इस दौरान दुकानों के लिए निर्धारित स्थान, अग्नि सुरक्षा के इंतजाम और आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों को परखा गया।
निरीक्षण के दौरान नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी को निर्देश दिए गए कि अस्थायी दुकानों के लिए निर्धारित परिसरों में सुरक्षा के सभी जरूरी इंतजाम मानकों के अनुरूप पूरे कराए जाएं। वहीं दुकानदारों को पर्याप्त अग्निशमन उपकरण रखने और आपात स्थिति में उनका तत्काल इस्तेमाल करने की जानकारी दी गई।
अधिकारियों ने कारोबारियों को आगाह किया कि पटाखों की बिक्री के दौरान सुरक्षा नियमों का पालन अनिवार्य है। किसी भी स्तर पर लापरवाही से जनहानि और संपत्ति के नुकसान की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। मानकों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने आमजन की सुरक्षा को प्राथमिकता बताते हुए आतिशबाजी विक्रेताओं से निर्धारित नियमों का पालन सुनिश्चित करने की अपील की।
