फोटो परिचय- जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपते उत्तम उद्योग व्यापार मंडल के पदाधिकारी।

– यूज बाई डेट के नियमों को सरल बनाने और खाद्य विभाग की मनमानी रोकने की उठाई मांग

– डीएम को ज्ञापन देकर निष्पक्ष जांच के बाद ही कार्रवाई किए जाने पर दिया जोर

CITY NEWS FATEHPUR

फतेहपुर(CNF)। मिठाई व्यापारियों के हितों और उनके सम्मान की रक्षा को लेकर उत्तम उद्योग व्यापार मंडल उत्तर प्रदेश ने प्रशासन के सामने अपनी मांगें रखी हैं। संगठन ने स्पष्ट किया कि खाद्य सुरक्षा से जुड़े नियमों का पालन जरूरी है, लेकिन इनके नाम पर व्यापारियों का अनावश्यक उत्पीड़न किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं होगा।

बुधवार को प्रदेश अध्यक्ष कृष्ण कुमार तिवारी के नेतृत्व में व्यापार मंडल के प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर मिठाई की दुकानों पर यूज बाई डेट (उपयोग की अंतिम तिथि) अंकित करने के नियमों को सरल एवं व्यावहारिक बनाने की मांग की। संगठन का कहना था कि अलग-अलग मिठाइयों की निर्माण विधि, प्रकृति और रखरखाव की परिस्थितियां भिन्न होती हैं। इसलिए उनकी उपयोग अवधि तय करने के लिए वैज्ञानिक आधार पर स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए जाने चाहिए।

व्यापार मंडल ने ग्राहकों की शिकायतों पर भी निष्पक्ष प्रक्रिया अपनाने की मांग उठाई। पदाधिकारियों का कहना था कि ग्राहक द्वारा दुकान से मिठाई ले जाने के बाद उसे खराब बताकर वापस करने की स्थिति में बिना परीक्षण कारोबारी को जिम्मेदार ठहराना उचित नहीं है। ऐसी शिकायतों में दुकान पर उपलब्ध उसी बैच की मिठाई और ग्राहक से वापस प्राप्त मिठाई के नमूनों की अलग-अलग जांच कराई जानी चाहिए। जांच पूरी होने और व्यापारी का पक्ष सुने बिना कोई दंडात्मक कार्रवाई नहीं होनी चाहिए।

ज्ञापन के माध्यम से संगठन ने छोटे एवं मध्यम मिठाई कारोबारियों को तकनीकी प्रशिक्षण और आवश्यक मार्गदर्शन देने, यूज बाई डेट प्रदर्शित करने का आसान प्रारूप निर्धारित करने तथा खाद्य विभाग की ओर से पूरे जिले में एक समान निरीक्षण व्यवस्था लागू करने की मांग की। साथ ही अनावश्यक छापेमारी और पुलिस हस्तक्षेप पर अंकुश लगाने के लिए खाद्य विभाग एवं व्यापार मंडल के बीच नियमित समन्वय बैठक कराने पर भी जोर दिया।

इस मौके पर जिला अध्यक्ष मनोज कुमार साहू, जिला महामंत्री जय किशन, जिला कोषाध्यक्ष संदीप श्रीवास्तव, प्रेमदत्त उमराव, अरुण कुमार दीक्षित, बसंत सिंह चौहान, धनंजय मिश्रा, प्रकाश सिंह भदौरिया, अनिल महाजन, दीपक तिवारी, मीडिया प्रभारी गोपाल जी, सलामत अली और राजकुमार गुप्ता सहित बड़ी संख्या में व्यापारी उपस्थित रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now