गणेश-लक्ष्मी की मूर्तियां खरीदती महिलाएं।
– मंहगाई का नहीं दिखा असर, मिठाई की बिक्री सबसे ज्यादा
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। हिन्दू समाज का सबसे बड़ा पर्व दीपावली कल (आज) अमावस्या को मनाई जायेगी। दीवाली को लेकर लोगों में गजब का उत्साह है तथा गजब की महंगाई के बावजूद लोग पूरी ताकत से इस पर्व को मनाने के लिए खरीदारी में व्यस्त हैं क्योंकि दीपावली के दिन लक्ष्मी-गणेश की पूजा का खास महत्व है, इसलिए मिट्टी एवं पीओपी से बनी लक्ष्मी गणेश की मूर्तियों से बाजार पटी पड़ी है। आज छोटी दीवाली (नरक चतुर्दश) यानी कल दीपावली का महापर्व होना है। ऐसे में चारों तरफ रोशनी और पटाखों की बहार है। दीवाली लइया-गट्टों का भी पर्व है। साथ ही मिठाइयों का भी इस महापर्व में खास महत्व है।
हिन्दू पर्वों में दीपावली सर्वोपरि है, ग्रंथों के अनुसार इस दिन लंका फतह के बाद मर्यादा पुरूषोत्तम श्री राम अपनी भार्या सीता और अनुज लक्ष्मण के साथ अयोध्या लौटे थे। इस खुशी में अयोध्यावासियों ने दीपावली मनायी थी। हजारों वर्ष बाद भी भगवान श्री राम से जुड़ा यह पर्व आज भी पूरे उत्साह और परम्परा के साथ मनाया जाता है। महापर्व एक बार फिर प्रत्येक भारतीय परम्परा वाले सख्श के घरों में मनाया जायेगा। दीपावली से दीपों का जुड़ाव भी उतना ही महत्व रखता है जितना दीपोत्सव से आम व्यक्ति का जुड़ाव या यूं कहा जाए कि बगैर दीपों के दीपावली कहां, वो भी दीप सोनें, चांदी या पीतल तांबे के नहीं सिर्फ मिट्टी के पके हुए होने चाहिए। दीपावली में दीपों को जलाने के पीछे वैज्ञानिक कारण भी कम महत्वपूर्ण नहीं है। विज्ञान से जुड़े लोग कहते हैं कि चैमास में कीट पतंगों की बहुतायत होती है और इन दीपों से कीड़ों का बड़ी संख्या में पतन होता है। यही नहीं शुद्ध सरसों या राई के तेल से दीप जलाये जायें तो आसमानी गंदगी भी कम होती है। पर्व को लेकर आज भी बाजार में पूरा दिन भीड़-भाड़ का माहौल रहा। पर्व की सभी तैयारियां लोगों ने जोर-शोर से पूरी कर ली हैं। सोमवार को समूचे जनपद में दीपावली का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया जायेगा। उधर सोशल मीडिया पर त्योहार की बधाई देने का सिलसिला रविवार से ही जारी रहा। हर कोई अपने मित्र व रिश्तेदार को पर्व की बधाई देता नजर आया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now