फोटो परिचय- मोबाइल चोरी के शक में युवक के साथ मारपीट करते लोग।
– खागा कस्बे में भीड़ ने युवक को घेरकर बरसाए थप्पड़ और घूंसे
– पुलिस वायरल फुटेज के जरिए आरोपियों की पहचान में जुटी
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। कानून व्यवस्था को चुनौती देते हुए खागा कस्बे में कुछ लोगों ने एक युवक को बीच चौराहे पर घेरकर जमकर पीट दिया। युवक पर मोबाइल चोरी का संदेह जताया गया था। आरोप की पुष्टि कराने और पुलिस को सूचना देने के बजाय लोगों ने खुद ही फैसला सुनाते हुए उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हलचल मच गई है।
बताया जाता है कि मामला खागा कस्बे के मुख्य चौराहे का है। यहां मोबाइल चोरी के संदेह में कुछ लोगों ने एक युवक को पकड़ लिया। देखते ही देखते वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई। इसके बाद युवक को घेरकर उसके साथ मारपीट की जाने लगी। वायरल वीडियो में कई लोग युवक पर हाथ उठाते और उसे पीटते नजर आ रहे हैं। इस दौरान किसी ने पूरी घटना को मोबाइल कैमरे में कैद कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।
वीडियो पुलिस तक पहुंचने के बाद खागा कोतवाली पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है। फुटेज के आधार पर मारपीट में शामिल लोगों को चिह्नित करने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही युवक पर लगाए गए चोरी के आरोपों की वास्तविकता भी खंगाली जा रही है।
घटना ने एक बार फिर भीड़ द्वारा कानून अपने हाथ में लेने की प्रवृत्ति पर सवाल खड़े कर दिए हैं। चोरी का संदेह होने पर किसी व्यक्ति को पकड़कर पुलिस के सुपुर्द किया जा सकता है, लेकिन सार्वजनिक स्थान पर मारपीट करने का अधिकार किसी को नहीं है। अब देखना यह है कि पुलिस जांच के बाद आरोपियों के खिलाफ क्या कार्रवाई करती है।
