– दीपावली की रात सुतली बम के धमाके ने छीन ली मासूम की जिंदगी

– निजी अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने किया मृत घोषित, परिवार में मचा कोहराम

CITY NEWS FATEHPUR

खागा, फतेहपुर(CNF)। दीपावली का त्योहार एक परिवार के लिए जिंदगी भर का दर्द बन गया। पटाखे जलाने के दौरान हुई जरा सी चूक ने दस वर्षीय बालक की जान ले ली। खागा कोतवाली क्षेत्र के फतेहपुर टेकारी गांव में सुतली बम जेब में फटने से बालक गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई। हादसे की खबर फैलते ही गांव में शोक छा गया।

जानकारी के मुताबिक गांव निवासी संतू का दस वर्षीय बेटा सचिन दीपावली की रात अन्य बच्चों के साथ आतिशबाजी कर रहा था। इसी दौरान उसने एक सुतली बम जलाकर फेंका, लेकिन काफी देर तक उसमें विस्फोट नहीं हुआ। पटाखे को निष्क्रिय समझकर बालक ने उसे उठाया और अपनी पैंट की जेब में रख लिया। कुछ ही देर बाद जेब के भीतर अचानक जोरदार धमाका हो गया। विस्फोट की चपेट में आकर सचिन बुरी तरह जख्मी हो गया।

धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। आनन-फानन में परिजन उसे उपचार के लिए निजी अस्पताल ले गए, लेकिन वहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। त्योहार की खुशियां पलभर में गहरे मातम में बदल गईं। बेटे को खोने के गम में माता-पिता और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

इस हृदयविदारक हादसे से पूरे गांव में शोक का माहौल है। घटना ने एक बार फिर आतिशबाजी के दौरान बरती जाने वाली लापरवाही के खतरनाक परिणामों को सामने ला दिया है। कोतवाली प्रभारी संजय पांडेय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now