– सदर कोतवाली और बिंदकी क्षेत्र में सामने आईं घटनाएं
– पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। जनपद में अलग-अलग स्थानों पर दो युवकों की मौत से उनके परिवारों में कोहराम मच गया। दोनों घटनाएं सदर कोतवाली और बिंदकी कोतवाली क्षेत्र में हुईं। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सदर कोतवाली क्षेत्र के बेरूईहार गांव निवासी स्वर्गीय दीनदयाल के 30 वर्षीय पुत्र नीरज कुमार उर्फ लवकुश ने सोमवार शाम फांसी लगाकर जान दे दी। बताया जाता है कि वह मानसिक तनाव से गुजर रहा था। वहीं दूसरी घटना बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के धमनाखेड़ा गांव की है। यहां के केशनलाल के 25 वर्षीय पुत्र अजय कुमार ने पिता की डांट से क्षुब्ध होकर फांसी लगा ली, जिससे उसकी मौत हो गई।
दोनों घटनाओं की जानकारी मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
