फोटो परिचय- घटनास्थल का निरीक्षण कर अधीनस्थों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते एसपी अभिमन्यु मांगलिक।
– एसपी ने दोबारा घटनास्थल पहुंचकर जांच की परखी हकीकत
– सर्विलांस और फॉरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर हत्यारे तक पहुंचने की कवायद तेज
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। ललौली कस्बे के सातआना मोहल्ले में बुजुर्ग महिला की हत्या का मामला पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ है। वारदात के खुलासे के लिए पुलिस ने अपनी जांच का दायरा बढ़ाते हुए कई टीमें सक्रिय कर दी हैं। मंगलवार को पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने घटनास्थल पर दोबारा पहुंचकर जांच की बारीकियों को परखा और अधिकारियों से अब तक हुई कार्रवाई का पूरा ब्यौरा लिया।
एसपी ने घटनास्थल के साथ आसपास के क्षेत्र का भी गहनता से मुआयना किया। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञान प्रकाश राय, क्षेत्राधिकारी जाफरगंज और ललौली थानाध्यक्ष मौजूद रहे। अधिकारियों ने घटनास्थल से जुटाए गए भौतिक साक्ष्यों, फॉरेंसिक जांच और स्थानीय स्तर पर की गई पूछताछ से जुड़े तथ्यों की जानकारी एसपी को दी।
पुलिस अधीक्षक ने जांच में लगे अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी पहलू को नजरअंदाज न किया जाए। सर्विलांस के माध्यम से संदिग्ध गतिविधियों और तकनीकी जानकारियों का विश्लेषण करने के साथ फॉरेंसिक साक्ष्यों को भी जांच का आधार बनाया जाए। उन्होंने संदिग्धों से गहन पूछताछ कर उपलब्ध तथ्यों का आपस में मिलान करने पर जोर दिया।
एसपी ने कहा कि सभी जांच टीमें आपसी तालमेल के साथ काम करें और साक्ष्यों के आधार पर हत्याकांड में शामिल व्यक्ति की पहचान कर उसकी गिरफ्तारी सुनिश्चित करें। पुलिस अब घटनास्थल से मिले सुरागों, आसपास के लोगों से मिली जानकारी और तकनीकी साक्ष्यों को जोड़कर वारदात की कड़ियां तलाश रही है। फिलहाल हत्याकांड का खुलासा नहीं हो सका है और पुलिस की अलग-अलग टीमें मामले की तह तक पहुंचने में जुटी हैं।
