– घर से अचानक लापता हुआ बालक दूसरे थाना क्षेत्र में मिला, पुलिस ने पहचान कर परिजनों तक पहुंचाया

– मानवता की मिसाल पेश करते हुए बच्चे के लिए नए कपड़ों का भी किया इंतजाम

CITY NEWS FATEHPUR

खागा, फतेहपुर(CNF)। घर से अचानक लापता हुए छह वर्षीय मासूम को सुरक्षित उसके परिवार तक पहुंचाकर पुलिस ने संवेदनशीलता और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय दिया। बेटे के अचानक गायब होने से परेशान परिजनों की तलाश उस समय खत्म हुई, जब पुलिस की मदद से बच्चा सकुशल घर लौट आया।

खखरेरू थाना क्षेत्र के रहमतपुर मजरे कुल्ली निवासी छोटकू का छह वर्षीय बेटा प्रियांश रविवार दोपहर अचानक घर से कहीं चला गया। काफी देर तक बच्चे का पता नहीं चलने पर परिवार के लोग घबरा उठे और उसकी खोजबीन शुरू कर दी। इसी बीच मासूम धाता थाना क्षेत्र में मिला, जहां पुलिस ने उसे अपने संरक्षण में ले लिया।

धाता थाना प्रभारी अभिलाष तिवारी ने बच्चे की स्थिति को देखते हुए पहले उसके लिए नए कपड़ों की व्यवस्था कराई। इसके बाद उसकी तस्वीर लेकर पहचान और परिजनों का पता लगाने की प्रक्रिया शुरू की गई। पुलिस के प्रयासों से बच्चे के परिवार की जानकारी सामने आने पर शिवपुरी चौकी प्रभारी प्रशांत मिश्रा ने तत्काल पहल की और धाता थाने से मासूम को लेकर उसके घर पहुंचे।

काफी समय से बेटे की सलामती को लेकर चिंतित परिजनों ने जब उसे सुरक्षित देखा तो उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। पुलिसकर्मियों की इस पहल से परिवार ने राहत की सांस ली। धाता थाना प्रभारी अभिलाष तिवारी और शिवपुरी चौकी प्रभारी प्रशांत मिश्रा के मानवीय प्रयासों की क्षेत्र में प्रशंसा हो रही है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now