फोटो परिचय- हादसे के बाद क्षतिग्रस्त स्लीपर बस।
– ओवरटेक की कोशिश में आलू लदे ट्रक से भिड़ी स्लीपर बस, मची चीख-पुकार
– इमरजेंसी गेट नहीं खुले तो ग्रामीणों ने बस के शीशे तोड़कर बचाई यात्रियों की जान
– सात घायलों की हालत नाजुक, कई को जिला अस्पताल किया गया रेफर
सिटी न्यूज फतेहपुर
खागा, फतेहपुर(CNF)। कानपुर-प्रयागराज नेशनल हाईवे पर शनिवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। भोगलपुर के समीप राजदरबार ढाबे के पास यात्रियों से खचाखच भरी स्लीपर बस ओवरटेक करते समय आलू लदे ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में बस परिचालक समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 25 यात्री घायल हो गए। घायलों में कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।
प्रत्यक्ष जानकारी के मुताबिक शनिवार रात करीब ढाई बजे बस संख्या यूपी-53 एमटी/6614 वाराणसी की ओर जा रही थी। खागा कोतवाली क्षेत्र के भोगलपुर के पास बस चालक ने आगे चल रहे आलू लदे ट्रक संख्या आरजे-14 जीएन/8053 को पार करने की कोशिश की। इसी दौरान बस अनियंत्रित होकर ट्रक से जा भिड़ी। अचानक हुए इस हादसे से यात्रियों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। बस के भीतर चीख-पुकार मच गई और कई यात्री सीटों के बीच फंस गए।
हादसे में सुल्तानपुर घोष कस्बा निवासी 34 वर्षीय आशीष गुप्ता पुत्र श्याम सुंदर गुप्ता की जान चली गई। बताया गया कि उन्हें खागा कस्बे में उतरना था। मंजिल नजदीक आने पर वह अपनी सीट छोड़कर बस के अगले हिस्से में केबिन के पास खड़े हो गए थे। इसी दौरान दुर्घटना हो गई। वहीं चालक के पीछे केबिन में सो रहे 31 वर्षीय परिचालक आशीष कुमार पुत्र सुधीर निवासी करवल ईस्ट नगर, दिल्ली की भी मौके पर मौत हो गई।
ग्रामीणों ने दिखाई बहादुरी, शीशे तोड़कर निकाले यात्री
दुर्घटना की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। बस के दोनों आपातकालीन दरवाजे नहीं खुलने से भीतर फंसे लोगों को बाहर निकालना मुश्किल हो रहा था। ऐसे में ग्रामीणों ने बिना देर किए बस के शीशे तोड़ने शुरू किए और एक-एक कर यात्रियों को बाहर निकाला। कई घायलों को बाहर निकालकर तत्काल उपचार के लिए भेजने की व्यवस्था की गई। ग्रामीणों की सक्रियता से राहत एवं बचाव कार्य में तेजी आई।
सूचना पर खागा कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने दो एंबुलेंस की सहायता से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हरदो पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल पवन कुमार, मनोज कुमार, अशोक विश्वकर्मा, अभिनव पांडेय, संजना सिंह, रीता वर्मा, अनुज सिंह, धर्मेंद्र सिंह, सुरेंद्र सिंह, पूनम जायसवाल और आदित्य शर्मा समेत घायलों को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किया। हादसे में करीब सात यात्रियों की हालत चिंताजनक बताई गई।
पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दुर्घटना के बाद हाईवे पर कुछ समय तक अफरा-तफरी और जाम जैसी स्थिति बनी रही।
