फोटो परिचय- बकाया मानदेय की मांग को लेकर प्रदर्शन करते शिक्षा प्रेरक।
– 48 महीने की लंबित राशि दिलाने की मांग, प्रत्येक प्रेरक के हिस्से में 96 हजार रुपये बकाया
– 31 दिसंबर से पहले भुगतान कराने का बीएसए ने दिया भरोसा
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। लंबे समय से लंबित मानदेय भुगतान का मुद्दा एक बार फिर गरमा गया है। अपने हक की मांग को लेकर सोमवार को आदर्श साक्षरता कर्मी वेलफेयर एसोसिएशन के बैनर तले सैकड़ों शिक्षा प्रेरकों ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय पहुंचकर आवाज बुलंद की। संगठन के पदाधिकारियों ने प्रांतीय अध्यक्ष विष्णु प्रताप सिंह की अध्यक्षता में बीएसए को ज्ञापन सौंपकर बकाया धनराशि का शीघ्र भुगतान कराने की मांग उठाई।
प्रदर्शन के दौरान शिक्षा प्रेरकों ने बताया कि उनका 48 माह का मानदेय अब तक लंबित है। प्रत्येक शिक्षा प्रेरक का करीब 96 हजार रुपये बकाया है। संगठन ने शासन और संबंधित विभाग से इस धनराशि का भुगतान सुनिश्चित कराने की मांग की। इस दौरान जिलाध्यक्ष शशिकांत यादव और जिला महामंत्री प्रभात कुमार सिंह ने आंदोलन का नेतृत्व किया।
मांगों को लेकर प्रांतीय अध्यक्ष विष्णु प्रताप सिंह, जिलाध्यक्ष शशिकांत यादव, जिला महामंत्री प्रभात कुमार सिंह, राजीव कुमार श्रीवास्तव और रजनी मिश्रा के प्रतिनिधिमंडल ने बीएसए से मुलाकात की। वार्ता में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने भरोसा दिलाया कि अधीनस्थ अधिकारियों एवं कर्मचारियों के सहयोग और संगठन के साथ समन्वय बनाकर निदेशालय की ओर से निर्धारित 31 दिसंबर की भुगतान तिथि से पहले ही यथासंभव बकाया मानदेय दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
बीएसए के आश्वासन के बाद संगठन पदाधिकारियों ने उम्मीद जताते हुए उनका आभार व्यक्त किया। प्रदर्शन में ब्लॉक अध्यक्ष सर्वेंद्र सिंह, वीरेंद्र सिंह, उजियारी लाल, श्याम बाबू, अमित कुमार यादव, श्रीराम, अनम खान, सरस्वती, रजनी मिश्रा समेत जिले के सैकड़ों शिक्षा प्रेरक शामिल रहे।

