अमेरिका ने भारतीय सामानों पर 25 प्रतिशत तक का शुल्क लगाने का प्रस्ताव रखा है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की इस नई पहल का मकसद उन प्रमुख व्यापारिक साझेदार देशों की ‘अतिरिक्त औद्योगिक क्षमता’ पर लगाम लगाना है, जिसे वाशिंगटन एक समस्या मानता है। रॉयटर्स के अनुसार, एक आधिकारिक बयान में बताया गया है कि अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि की इस नई योजना के तहत जिन सात देशों पर 25 प्रतिशत तक का शुल्क लग सकता है, उनमें भारत के अलावा कंबोडिया, इंडोनेशिया, दक्षिण कोरिया, मलेशिया, ताइवान और थाईलैंड शामिल हैं। यह प्रस्ताव 16 अर्थव्यवस्थाओं में कथित अनुचित व्यापार तौर-तरीकों को लेकर अमेरिका द्वारा की गई आठ महीने की जांच के बाद आया है। वाशिंगटन ने इन देशों पर आरोप लगाया है कि वे ऐसी विनिर्माण और उत्पादन गतिविधियों को बढ़ावा दे रहे हैं, जो बाजार की मांग से कहीं अधिक हैं। इससे अमेरिकी व्यवसायों पर दबाव पड़ता है। भारत के लिए प्रस्तावित शुल्क दर, 14 व्यापारिक साझेदारों से जुड़े एक व्यापक टैरिफ पैकेज का हिस्सा है। USTR (यूएस ट्रेड रिप्रेजेंटेटिव) ने कहा कि ये नए शुल्क उन देशों के लिए हैं, जो “विभिन्न कार्यों, नीतियों और तौर-तरीकों के जरिए विनिर्माण क्षेत्र में जरूरत से ज्यादा उत्पादन क्षमता (स्ट्रक्चरल एक्सेस कैपेसिटी) पैदा करते हैं, उसे बनाए रखते हैं या उसमें योगदान देते हैं। अमेरिका की नजर में ये कदम अनुचित हैं और इनसे अमेरिकी व्यापार पर बोझ पड़ता है या उसमें रुकावट आती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now