फोटो परिचय-  खेल प्रशिक्षण कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करतीं छात्राएं।

– जीवाईसीयू ने बालिकाओं की खेल प्रतिभाओं को तराशने के लिए बढ़ाया कदम

– अनुशासन, जीवन कौशल और रोजगारपरक शिक्षा के प्रति भी किया जाएगा जागरूक

CITY NEWS FATEHPUR

फतेहपुर(CNF)। ग्रामीण अंचलों में छिपी बालिका खेल प्रतिभाओं को पहचानकर उन्हें आगे बढ़ाने के उद्देश्य से ग्रामीण युवा क्रिकेट यूनियन (जीवाईसीयू) ने नई पहल शुरू की है। इसके तहत राजकीय बालिका इंटर कॉलेज मलवां और बिंदकी की छात्राओं को विशेष खेल प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाएगा। इस अभियान के माध्यम से छात्राओं को खेल के क्षेत्र में अपनी क्षमता प्रदर्शित करने और भविष्य में उच्च स्तरीय प्रतियोगिताओं तक पहुंचने का अवसर मिलेगा।

जिला विद्यालय निरीक्षक के निर्देश पर शुरू की गई इस पहल के तहत संस्था के पदाधिकारियों ने दोनों विद्यालयों में पहुंचकर छात्राओं और शिक्षिकाओं से बातचीत की। संस्था के वरिष्ठ राष्ट्रीय महासचिव एवं पूर्व पुलिस उपाधीक्षक शिव स्वरूप ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि खेल केवल शारीरिक विकास का माध्यम नहीं, बल्कि आत्मविश्वास, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का भी सशक्त जरिया है। उन्होंने बालिकाओं को शिक्षा के साथ खेल गतिविधियों में भी सक्रिय भागीदारी करने के लिए प्रोत्साहित किया।

जीजीआईसी मलवां की प्रधानाचार्या मंजू चौधरी ने संस्था के प्रतिनिधियों का स्वागत करते हुए प्रशिक्षण संबंधी आदेश की प्रति प्राप्त की। वहीं जीजीआईसी बिंदकी की प्रधानाचार्या किरन सचान ने इस प्रयास को छात्राओं के सर्वांगीण विकास के लिए उपयोगी बताते हुए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।

इस दौरान संस्था के राष्ट्रीय महानिदेशक एबी बाबू ने प्रशिक्षण अभियान की कार्ययोजना और उद्देश्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि छात्राओं को व्यवस्थित प्रशिक्षण देकर उनकी खेल क्षमता को बेहतर बनाया जाएगा। अभियान की निगरानी शिव स्वरूप कर रहे हैं। जनपद में खेल प्रभारी आशुतोष कुमार के नेतृत्व में संचालित इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यालय स्तर की प्रतिभाओं को राज्य और राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने के लिए तैयार करना है। संस्था ने खेल के माध्यम से बालिकाओं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने का संकल्प दोहराया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now