फोटो परिचय- हादसे के बाद घटनास्थल पर जुटी लोगों की भीड़।
– शादी समारोह में शामिल होने जा रहे बाइक सवारों को तेज रफ्तार वाहन ने बनाया निशाना
– सरेला गांव के निकट हादसे के बाद मचा कोहराम, पुलिस अधीक्षक ने मौके पर पहुंचकर लिया जायजा
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। हुसैनगंज थाना क्षेत्र में बुधवार को तेज रफ्तार डंपर ने तीन जिंदगियों को असमय छीन लिया। सरेला गांव के समीप हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार मां-बेटी समेत तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही घटनास्थल पर लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। एक ही बाइक पर सवार होकर शादी समारोह में जा रहे तीनों लोगों की मौत से परिजनों में मातम छा गया। घटना की जानकारी पर पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और जिम्मेदार डंपर व उसके चालक का पता लगाकर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
जानकारी के मुताबिक हुसैनगंज थाना क्षेत्र के असनी गांव निवासी शरीफ अहमद की 35 वर्षीय पत्नी शबनम अपनी 16 वर्षीय बेटी इलमा के साथ पड़ोसी चंद्रगुप्त मौर्य के 20 वर्षीय पुत्र सौरभ की बाइक पर सवार होकर ललौली थाना क्षेत्र के बहुआ स्थित कुम्हरवा गांव में अपने ननिहाल में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने जा रही थी। तीनों अभी सरेला गांव के पास पहुंचे ही थे कि फतेहपुर की तरफ से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने उनकी अपाचे बाइक को सामने से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार तीनों को संभलने तक का मौका नहीं मिला और उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही हुसैनगंज थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और दुर्घटना की जानकारी जुटाई। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उधर, पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने घटनास्थल का निरीक्षण कर अधीनस्थ अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। एसपी ने बताया कि सड़क दुर्घटना में दो महिलाओं समेत तीन लोगों की जान गई है। मामले में तहरीर मिलने के आधार पर विधिक कार्रवाई की जा रही है। दुर्घटना के लिए जिम्मेदार डंपर और उसके चालक की तलाश कराई जा रही है।




