फोटो परिचय- पत्रकारों से बातचीत करते लोजपा सांसद एवं उत्तर प्रदेश प्रभारी अरुण भारती।
* गठबंधन में सीटों का फैसला पार्टी का शीर्ष नेतृत्व करेगा, संगठन विस्तार पर जोर
* दलितों और वंचित वर्गों को एकजुट कर 2027 के चुनाव में मजबूत दावेदारी की तैयारी
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। उत्तर प्रदेश में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में एनडीए के सहयोगी दल लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने भी प्रदेश में संगठन को मजबूत करने और चुनावी जमीन तैयार करने की कवायद शुरू कर दी है। पार्टी के सांसद एवं उत्तर प्रदेश प्रभारी अरुण भारती ने कहा कि लोजपा रामविलास प्रदेश की सभी विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है। हालांकि, एनडीए के भीतर सीटों का बंटवारा और उम्मीदवारों का चयन शीर्ष नेतृत्व के स्तर पर तय होगा।
जनपद दौरे पर पहुंचे अरुण भारती ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि उनका मुख्य उद्देश्य प्रदेश में पार्टी संगठन का विस्तार करना और दलितों सहित समाज के कमजोर एवं वंचित तबकों को राजनीतिक रूप से जागरूक कर एकजुट करना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि केंद्र और बिहार में एनडीए के साथ गठबंधन के बाद अब उत्तर प्रदेश में भी पार्टी अपनी राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने की दिशा में काम कर रही है।
समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि विपक्षी दलों की राजनीति केवल नारों और नए-नए राजनीतिक समीकरणों तक सीमित रह गई है। इसके विपरीत लोजपा रामविलास अपने संस्थापक स्व. रामविलास पासवान के विचारों और सिद्धांतों को आगे बढ़ा रही है। पार्टी अध्यक्ष चिराग पासवान समाज के सभी कमजोर वर्गों को साथ लेकर चलने और उनकी समस्याओं को मजबूती से उठाने का प्रयास कर रहे हैं।
अरुण भारती ने कांग्रेस पर भी वोट चोरी के मुद्दे को लेकर जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और सपा ने प्रदेश की जनता को छलने का काम किया है। आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी जनता के बीच जाकर अपनी नीतियों और विचारों को रखेगी तथा किसी को भी भ्रमित नहीं होने देगी।
उन्होंने बताया कि 28 नवंबर को रायबरेली में बहुजन भीम संकल्प कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान शामिल होंगे। इस कार्यक्रम के जरिए सामाजिक एकजुटता और राजनीतिक जागरूकता का संदेश दिया जाएगा।
इससे पूर्व लोजपा रामविलास के किसान प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष धर्मेंद्र मिश्रा ने प्रदेश प्रभारी अरुण भारती का स्वागत किया। इस मौके पर पार्टी महासचिव विकास पांडेय, कमलाकांत तिवारी, कमलेश मिश्रा और जिलाध्यक्ष राजू पासवान समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।




