फोटो परिचय-  राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता में पदक जीतने वाली महिला आरक्षी ममता शर्मा व दीपिका।

– टेबल टेनिस की टीम चैंपियनशिप में स्वर्ण, ओपन डबल्स में हासिल किया कांस्य पदक

– अहमदाबाद में देशभर की पुलिस टीमों के बीच प्रतिभा का दिखाया दम, विभाग ने जताया गर्व

CITY NEWS FATEHPUR

फतेहपुर(CNF)। पुलिस की वर्दी में कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी निभाने वाली जिले की दो महिला आरक्षियों ने खेल के मैदान में भी अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया है। गुजरात के अहमदाबाद में आयोजित तृतीय अखिल भारतीय पुलिस बैडमिंटन एवं टेबल टेनिस क्लस्टर प्रतियोगिता में फतेहपुर में तैनात ममता शर्मा और दीपिका ने दो पदक जीतकर जनपद का मान बढ़ाया है। दोनों खिलाड़ियों की इस कामयाबी से पुलिस विभाग में उत्साह का माहौल है।

19 से 24 नवंबर तक अहमदाबाद के वीर सावरकर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में विभिन्न राज्यों की पुलिस टीमों ने हिस्सा लिया। कड़े मुकाबलों के बीच महिला आरक्षी ममता शर्मा और दीपिका ने बेहतरीन तालमेल, तकनीक और दमखम का परिचय देते हुए टेबल टेनिस की टीम चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। इसके बाद दोनों ने ओपन डबल्स मुकाबले में भी शानदार खेल दिखाते हुए कांस्य पदक हासिल किया।

राष्ट्रीय स्तर पर दोहरी सफलता दर्ज करने वाली इन महिला आरक्षियों ने साबित कर दिया कि पुलिस की ड्यूटी के साथ खेल प्रतिभा को भी निखारा जा सकता है। उनकी उपलब्धि से न केवल फतेहपुर पुलिस बल्कि उत्तर प्रदेश पुलिस का भी गौरव बढ़ा है। विभागीय अधिकारियों और सहकर्मियों ने दोनों खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए इसे अन्य पुलिसकर्मियों के लिए प्रेरणादायक उपलब्धि बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now