फोटो परिचय- तंबाकू मुक्त समाज के निर्माण का संकल्प दिलाते मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. यूबी सिंह।
– तंबाकू मुक्त युवा अभियान-4.0 के तहत स्वास्थ्य विभाग ने बनाई कार्ययोजना
– स्कूलों को तंबाकू मुक्त बनाने के साथ कानून का पालन कराने पर रहेगा जोर
– सीएमओ ने अधिकारियों और कर्मचारियों को दिलाई नशामुक्त समाज की शपथ

CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। युवाओं को तंबाकू सेवन की बढ़ती प्रवृत्ति से दूर रखने और आने वाली पीढ़ी को नशे के दुष्प्रभावों से सुरक्षित करने के लिए स्वास्थ्य विभाग अब जिले में व्यापक जागरूकता अभियान चलाएगा। इसके तहत विद्यालयों, महाविद्यालयों और ग्रामीण क्षेत्रों को विशेष रूप से केंद्र में रखते हुए तंबाकू नियंत्रण से जुड़ी गतिविधियों को गति दी जाएगी।
इसी क्रम में शनिवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय में राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम और तंबाकू मुक्त युवा अभियान-4.0 को लेकर समीक्षा बैठक हुई। सीएमओ डॉ. यूबी सिंह की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम की टीम के अलावा विभिन्न ब्लॉकों के चिकित्सकों, अधिकारियों और कर्मचारियों ने सहभागिता की। बैठक में अभियान की प्रगति पर चर्चा के साथ आगामी कार्ययोजना को लेकर रणनीति तय की गई।
मुख्य चिकित्साधिकारी ने कहा कि तंबाकू का सेवन युवाओं के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा है। इससे बचाव के लिए केवल विभागीय कार्रवाई पर्याप्त नहीं है, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग की टीमों को अपने क्षेत्रों में जागरूकता गतिविधियां बढ़ाने और अभियान के निर्धारित लक्ष्यों को गंभीरता से पूरा करने के निर्देश दिए।
जिला तंबाकू नियंत्रण प्रकोष्ठ के नोडल अधिकारी डॉ. सुरेश कुमार ने शिक्षण संस्थानों में तंबाकू निषेध नियमों का पालन सुनिश्चित कराने पर जोर दिया। उन्होंने अधिक से अधिक स्कूलों को तंबाकू मुक्त विद्यालय अभियान से जोड़ने और संबंधित विभागों के बीच तालमेल बनाकर काम करने की बात कही।
वहीं उत्तर प्रदेश वॉलंटरी हेल्थ एसोसिएशन के रीजनल कोऑर्डिनेटर ने अभियान के छह प्रमुख मानकों की जानकारी देते हुए बताया कि जनसामान्य को तंबाकू के नुकसान से अवगत कराने, शिक्षण संस्थानों को तंबाकू मुक्त बनाने, गांवों को नशामुक्त वातावरण की ओर ले जाने और कानूनी प्रावधानों को प्रभावी ढंग से लागू कराने पर विशेष ध्यान देना होगा। इसके अलावा सोशल मीडिया के जरिए प्रचार-प्रसार तथा विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों की सक्रिय भागीदारी भी अभियान का अहम हिस्सा होगी।
बैठक में तय किया गया कि सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से निर्धारित बिंदुओं पर कार्य करेंगे और अभियान की गतिविधियों की नियमित समीक्षा की जाएगी। अंत में सीएमओ ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को तंबाकू से दूरी बनाए रखने तथा समाज को इसके सेवन से बचाने की शपथ दिलाई। सभी ने स्वस्थ और तंबाकू मुक्त युवा पीढ़ी तैयार करने में अपनी जिम्मेदारी निभाने का संकल्प लिया।




