कंप्यूटर आपरेटर पुष्पेन्द्र सिंह उर्फ अंकित।
– महिला आंगनबाड़ी कार्यकत्री से पंद्रह हजार की मांग पर सतर्कता टीम ने की कार्रवाई
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। भ्रष्टाचार के खिलाफ उत्तर प्रदेश सतर्कता अधिष्ठान प्रयागराज की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक संविदा कर्मी को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोपी कंप्यूटर ऑपरेटर पर महिला आंगनबाड़ी कार्यकत्री से पंद्रह हजार रूपए की रिश्वत मांगने का आरोप है।
ललौली थाना क्षेत्र के ग्राम तपनी करेरा निवासी विभा देवी खजुआ ब्लॉक में आंगनबाड़ी कार्यकत्री के पद पर कार्यरत हैं। उसने पुलिस अधीक्षक, सतर्कता अधिष्ठान प्रयागराज से शिकायत की थी। शिकायत में कहा गया कि उन्हें पोषण ट्रैकर एप पर ऑनलाइन कार्य के एवज में दो हजार रूपए प्रतिमाह प्रोत्साहन राशि सितंबर 2021 से मिलनी थी, लेकिन अब तक केवल तीस हजार रूपए का ही भुगतान हुआ है। शेष राशि जारी करने के लिए कंप्यूटर ऑपरेटर पुष्पेंद्र सिंह उर्फ अंकित सिंह (संविदाकर्मी) ने पंद्रह हजार रूपए की रिश्वत मांगी। सतर्कता अधिष्ठान ने शिकायत का गुप्त सत्यापन कराया, जो सही पाया गया। इसके बाद पुलिस उपाधीक्षक संजय कुमार सिंह के नेतृत्व में ट्रैप टीम गठित की गई। टीम ने खजुहा ब्लॉक के बाल विकास परियोजना कार्यालय में छापा मारकर पुष्पेंद्र सिंह को पंद्रह हजार रूपए की रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ लिया। इस संबंध में थाना सतर्कता अधिष्ठान प्रयागराज सेक्टर पर केस नंबर 14/2025, धारा 7 भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित 2018) के तहत दर्ज किया गया है। आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now