– अटल जी की जयंती पर उठेगी निर्णायक मांग
CITY NEWS FATEHPUR
खागा, फतेहपुर(CNF)। विकसित भारत विज़न-2047 के दृष्टिगत राज्यों के प्रतियोगी और संतुलित आकार में तत्काल पुनर्गठन की मांग को लेकर 25 दिसंबर को जंतर-मंतर नई दिल्ली में राष्ट्रीय राज्य पुनर्गठन महाधरना आयोजित किया जाएगा। यह महाधरना भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर आयोजित किया जा रहा है।
राष्ट्रीय महाधरना का आह्वान बुंदेलखंड राष्ट्र समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पर्यावरण पहरूवा प्रवीण पांडेय द्वारा किया गया है। एक दिवसीय महाधरने में उपवास रहते हुए रिकॉर्ड 50 वीं बार पीएम नरेंद्र मोदी को खून से खत भी लिखा जाएगा। उन्होंने कहा कि अत्यधिक बड़े और प्रशासनिक रूप से असंतुलित राज्य न तो सुशासन दे पा रहे हैं और न ही क्षेत्रीय विकास की असमानता को समाप्त कर पा रहे हैं। प्रवीण पांडेय ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी जी द्वारा छत्तीसगढ़, झारखंड और उत्तराखंड जैसे राज्यों का गठन यह सिद्ध करता है कि छोटे और सुशासित राज्य ही तेज़ विकास, प्रशासनिक दक्षता और सामाजिक न्याय सुनिश्चित कर सकते हैं। इसी विचार को आगे बढ़ाते हुए अब देशव्यापी स्तर पर राज्य पुनर्गठन की ठोस पहल आवश्यक हो गई है। महाधरना में बुंदेलखंड राष्ट्र समिति के साथ-साथ पूर्वांचल राज्य जनांदोलन, पश्चिम प्रदेश निर्माण संयुक्त मोर्चा, बुंदेलखंड उत्सव समिति, उत्तम प्रदेश निर्माण सहित कई क्षेत्रीय संगठनों की सक्रिय भागीदारी रहेगी। आयोजकों ने देश भर के सामाजिक संगठनों, किसानों, युवाओं, बुद्धिजीवियों और जनप्रतिनिधियों से अपील की है कि वे इस ऐतिहासिक महाधरना में शामिल होकर राज्य पुनर्गठन को राष्ट्रीय विकास का प्रमुख मुद्दा बनाने में अपनी भूमिका निभाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now