एसपी को शिकायती पत्र देने जाता पीड़ित परिवार।
– पीड़ित परिवार ने एसपी से लगाई न्याय की गुहार
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। एक मामूली विवाद ने इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली तस्वीर पेश कर दी है। दबंगों ने घर में घुसकर महिलाओं पर लाठी-डंडों से हमला किया, जिसमें एक गर्भवती महिला के पेट में पल रहे भ्रूण की मौत हो गई। पीड़ित परिवार ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं और निष्पक्ष कार्रवाई की पुलिस अधीक्षक से मांग की है।
थरियांव थाना क्षेत्र के आकूपुर अजगवा गांव निवासी सुनील कुमार ने पुलिस अधीक्षक को दिए गए शिकायती पत्र में बताया कि तीस जनवरी की सुबह पानी बहाने और गाड़ी खड़ी करने को लेकर पड़ोसियों से विवाद हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि रामचंद्र, उसके बेटे और परिवार के अन्य लोग लाठी-डंडा और कुल्हाड़ी लेकर पीड़ित के घर में घुस आए और घर के अंदर मौजूद महिलाओं से बेरहमी से मारपीट की। मारपीट के दौरान गर्भवती महिला रिंकी के पेट में लात मारी गई, जिससे चार माह के गर्भ में पल रहे भ्रूण की मौत हो गई। गंभीर हालत में महिला को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकीय प्रक्रिया के बाद गर्भपात कराया गया। पीड़ित परिवार का आरोप है कि घटना की सूचना तुरंत डायल 112 पर दी गई, लेकिन पुलिस ने निष्पक्ष कार्रवाई नहीं की। न तो पीड़ितों का मेडिकल कराया गया और न ही आरोपियों पर कार्रवाई हुई, बल्कि उल्टा पीड़ित पक्ष के ही आठ लोगों पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडे चलते साफ दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में महिलाओं के साथ मारपीट करते आरोपी भी स्पष्ट नजर आ रहे हैं। पीड़ित परिवार से एसपी से न्याय की गुहार लगाते हुए दबंगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किए जाने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now