बाइक रैली व वैन को हरी झण्डी दिखाकर रवाना करते विधायक व डीएम।
– जहानाबाद विधायक व डीएम ने बच्चों को वितरित कीं निःशुल्क पाठ्यपुस्तक
– कलेक्ट्रेट परिसर से बाइक रैली व वैन को हरी झण्डी दिखा किया रवाना
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। स्कूल चलो अभियान के पहले चरण का शुभारंभ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वाराणसी से किया। जिसका सजीव प्रसारण महात्मा गांधी सभागार कलेक्ट्रेट में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में देखा व सुना गया। इसके पश्चात निःशुल्क पाठ्य पुस्तक वितरण का विधायक जहानाबाद राजेन्द्र सिंह पटेल व जिलाधिकारी रविन्द्र सिंह ने दीप प्रज्जवलन कर व मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर शुभारंभ किया। कार्यक्रम में परिषदीय विद्यालय के बच्चों ने सरस्वती व गणेश वंदना की शानदार प्रस्तुति दी।
कार्यक्रम में नवप्रवेशी विद्यार्थियों को किताबें देकर और माला पहनाकर स्वागत किया गया। किताबें पाकर बच्चों के चेहरे खिल उठे। विधायक राजेंद्र पटेल ने कहा कि किसी भी सभ्य समाज का निर्माण शिक्षकों और उनके विद्यार्थियों से होता है। आने वाले समय में यही बच्चे हमारे समाज की नींव रखेंगे। आज सरकार शिक्षा के क्षेत्र में अभूतपूर्व परिवर्तन की राह पर है। डीएम श्री सिंह ने कहा कि अगर विद्यालय में बच्चों की उपस्थिति शतप्रतिशत है और बच्चा अच्छा प्रदर्शन करता है तो इसका श्रेय अभिभावक और शिक्षक को जाता है। उन्होंने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी से कहा कि यह सुनिश्चित करने की आवश्यकता है कि पिछले साल जितने बच्चों का नामांकन था वो दोबारा से नामांकन कराएं एवं नए नामांकन भी ज्यादा से ज्यादा हो। इसके लिए आगनवाड़ी के बच्चों को जो बालवाटिका में आ रहे हैं उनका शतप्रतिशत नामांकन कराया जाए। इस कार्य में आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों का भी सहयोग लिया जाए। इसके पश्चात कलेक्ट्रेट परिसर से बाइक रैली और वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस अवसर पर परियोजना निदेशक पीडीडीआरडीए, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, शिक्षकगण, अभिभावक, छात्र-छात्राएं सहित सम्बन्धित उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now