CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। नगर पालिका परिषद में कार्यरत सफाई नायकों का वेतन काटे जाने और रोके जाने का मामला सामने आया है, जिससे कर्मचारियों में आक्रोश और चिंता का माहौल है। इस संबंध में सफाई कर्मियों की ओर से अधिशासी अधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर वेतन बहाल करने की मांग की गई है।
ज्ञापन में सफाई मजदूर संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व सभासद धीरज कुमार ने बताया कि सफाई नायक लगातार अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी मेहनत और ईमानदारी से करते आ रहे हैं। बावजूद इसके, बीते महीनों (विशेषकर मार्च) में उनका वेतन काट लिया गया और कुछ का वेतन रोक दिया गया है। कर्मचारियों का कहना है कि उन्हें जनगणना, नगरी नक्शा एवं ब्लॉक कटिंग जैसे कार्यों में ड्यूटी दी गई, जिनका उन्हें कोई पूर्व अनुभव नहीं है। उन्होंने इस समस्या को लेकर पहले ही संबंधित अधिकारियों और नगर पालिका अध्यक्ष के समक्ष अपनी असमर्थता जताई थी। कर्मचारियों के अनुसार, अध्यक्ष द्वारा आश्वासन भी दिया गया था कि यह कार्य अन्य कर्मचारियों से कराया जाएगा। इसके बावजूद सफाई नायकों को नोटिस जारी कर दिया गया और बाद में उनके वेतन में कटौती कर दी गई। उन्होंने नोटिस का जवाब देते हुए माफी मांगी और अनुभव के अभाव में कार्य न कर पाने की बात स्पष्ट की, लेकिन फिर भी उनके साथ आर्थिक कार्रवाई की गई। उनका कहना है कि मार्च-अप्रैल का समय आर्थिक रूप से संवेदनशील होता है, जिसमें बच्चों की पढ़ाई और अन्य आवश्यक खर्च बढ़ जाते हैं, ऐसे में वेतन रुकने से उन्हें गंभीर आर्थिक और मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। प्रशासन से मांग की है कि सफाई नायकों का वेतन तत्काल बहाल किया जाए और की गई कटौती को वापस लिया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now