CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। मई माह में जहां आमतौर पर तेज धूप और भीषण गर्मी लोगों को परेशान करती है, वहीं इन दिनों मौसम का मिजाज पूरी तरह बदला हुआ नजर आ रहा है। सुबह और शाम चल रही ठंडी हवाओं तथा बीच-बीच में बादलों की आवाजाही से लोगों को सर्दी जैसा एहसास हो रहा है।
पिछले कुछ दिनों से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जिससे गर्मी का असर काफी कम हो गया है। सुबह के समय हल्की ठंडक महसूस हो रही है और कई लोग पंखे तक बंद रखने को मजबूर हैं। मौसम के इस बदलाव से लोगों को गर्मी से राहत जरूर मिली है, लेकिन अचानक बदलते मौसम के कारण सर्दी-जुकाम और वायरल बुखार जैसी समस्याएं भी बढ़ने लगी हैं। किसानों का कहना है कि मौसम का यह बदलाव फसलों के लिए मिला-जुला असर लेकर आया है। वहीं शहर के लोगों ने भी गर्मी से राहत मिलने पर खुशी जताई। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ और हवाओं के रुख में बदलाव के कारण तापमान सामान्य से कम बना हुआ है। आने वाले कुछ दिनों तक मौसम इसी तरह बना रहने की संभावना जताई जा रही है।
