CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। जनपद को टीबी मुक्त बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे सौ दिवसीय टीबी अभियान के अंतर्गत सोमवार को जयपुरिया स्कूल में स्कूल आधारित टीबी जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम की टीम ने छात्र-छात्राओं को टीबी के प्रति जागरूक किया और बीमारी के लक्षणों व बचाव के उपायों की जानकारी दी।
जिला क्षयरोग अधिकारी ने बताया कि कार्यक्रम में उप जिला क्षय रोग अधिकारी एवं डीपीटीएम ने विद्यालय के प्रार्थना स्थल पर उपस्थित छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि यदि किसी व्यक्ति को दो सप्ताह से लगातार खांसी आ रही हो, बलगम या बलगम के साथ खून आ रहा हो, शरीर का वजन कम हो रहा हो, सीने में दर्द रहता हो अथवा बार-बार बुखार आ रहा हो तो उसे तुरंत नजदीकी सरकारी अस्पताल में टीबी की जांच करानी चाहिए। उन्होंने बताया कि सरकारी अस्पतालों में टीबी की जांच और उपचार पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध है। साथ ही निक्षय पोषण आहार योजना के तहत प्रत्येक टीबी मरीज को इलाज की अवधि तक प्रतिमाह एक हजार रुपये की सहायता भी दी जाती है। कार्यक्रम के दौरान लक्षणयुक्त स्कूली बच्चों की पहचान कर उन्हें आगे की जांच के लिए टीबी अस्पताल में चेस्ट एक्स-रे हेतु संदर्भित किया गया, ताकि संभावित मरीजों की समय पर पहचान और उपचार सुनिश्चित किया जा सके। अधिकारियों ने छात्रों से अपील की कि वे टीबी संबंधी जानकारी को अपने तक सीमित न रखें, बल्कि परिवार और आसपास के लोगों को भी जागरूक करें। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक पहचान ही टीबी उन्मूलन की सबसे प्रभावी रणनीति है और सभी के सहयोग से टीबी मुक्त फतेहपुर एवं टीबी मुक्त भारत का लक्ष्य जल्द हासिल किया जा सकता है।
