जल जीवन मिशन की बैठक में भाग लेतीं डीएम निधि गुप्ता वत्स।
– गायत्री संस्था को किया ब्लैक लिस्ट
– पाइप लाइन डालकर छोड़ी गईं सड़कों को जून तक दुरूस्त करने के निर्देश
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। जल जीवन मिशन के तहत चल रही पाइप पेयजल परियोजनाओं की धीमी प्रगति और भ्रामक रिपोर्टिंग पर जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने कार्यदाई संस्था गायत्री के खिलाफ स्पष्टीकरण जारी करते हुए ब्लैकलिस्ट करने की संस्तुति भेजने के निर्देश दिए। साथ ही पाइपलाइन बिछाने के बाद खोदी गई सड़कों को जून माह तक हर हाल में मोटरेबल बनाने के निर्देश दिए हैं।
कलेक्ट्रेट स्थित महात्मा गांधी सभागार में मंगलवार को जल निगम नगरीय एवं ग्रामीण विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में डीएम ने निर्माणाधीन और पूर्ण परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी ली। समीक्षा में कई परियोजनाओं की रफ्तार धीमी मिलने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कार्यदाई संस्थाओं को फटकार लगाई। डीएम ने कहा कि जिन परियोजनाओं में पाइपलाइन डालने का कार्य पूरा हो चुका है, वहां सड़कें जल्द ठीक कराई जाएं। जो सड़कें क्षतिग्रस्त हैं, उन्हें पहले जैसी स्थिति में बहाल किया जाए। लापरवाही मिलने पर कार्रवाई तय होगी। उन्होंने अधिशाषी अभियंता जल निगम ग्रामीण को निर्देशित किया कि छोटे-छोटे लंबित कार्य जल्द पूरे कराकर पानी की आपूर्ति सुनिश्चित कराई जाए। साथ ही हर माह लक्ष्य तय कर परियोजनाओं को समय से पूरा कराया जाए। बैठक में क्रिटिकल एएनसी के लंबित कार्यों को एक माह में पूरा करने और घर-घर कनेक्शन देने की प्रक्रिया तेज करने के निर्देश भी दिए गए। डीएम ने परियोजनाओं की गुणवत्ता की नियमित निगरानी करने और जल संरक्षण को लेकर गांवों में जागरूकता अभियान चलाने पर जोर दिया। बैठक में जल निगम ग्रामीण एवं शहरी विभाग के अधिकारी, कार्यदाई संस्थाओं के प्रतिनिधि समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now