बीजेपी का आरोप, जानबूझकर रुकवाया गया वंदे मातरम
शिकायत दर्ज कराने वाले बीजेपी नेता विकास पुत्तूर ने कहा कि 15 अगस्त को ध्वजारोहण के बाद जब वंदे मातरम गाया जा रहा था, तब सोनिया गांधी ने बीच में रोक-टोक की। उन्होंने आरोप लगाया कि सोनिया जी ने वहां मौजूद कार्यकर्ताओं को गाना रोकने के लिए कथित तौर पर इशारा किया, जिसे पूरे देश ने देखा है। बीजेपी नेता ने दावा किया कि कांग्रेस का इतिहास हमेशा से वंदे मातरम का विरोध करने का रहा है और राष्ट्रगीत को इस तरह बीच में रुकवाना कानूनन एक अपराध है।
अमित शाह ने भी मांगा था जवाब, अब कोर्ट जाने की तैयारी
इससे पहले खुद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कांग्रेस और सोनिया गांधी पर हमला बोलते हुए कहा था कि उन्हें इस हरकत के लिए पूरे देश और बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय से माफी मांगनी चाहिए। वहीं, शिकायतकर्ता विकास पुत्तूर ने साफ कर दिया है कि अगर पुलिस और राज्य सरकार इस शिकायत पर कोई सख्त एक्शन या FIR दर्ज नहीं करती है, तो वे चुप नहीं बैठेंगे। उन्होंने चेतावनी दी है कि वे इस मामले को लेकर अदालत का दरवाजा खटखटाएंगे और कानूनी लड़ाई लड़ेंगे।