– जेल से छूटने के साढ़े तीन महीने बाद रहस्यमय मौत
– सिर के पीछे गहरी चोट, पास में शराब की बोतल, ग्लास व नमकीन के पैकेट मिले
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। शहर कोतवाली क्षेत्र में गुरुवार की सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब अस्ती गांव जाने वाले कच्चे रास्ते पर एक हिस्ट्रीशीटर का शव पड़ा मिला। शव के सिर के पीछे गंभीर चोट के निशान और घटनास्थल पर शराब की बोतल, चार प्लास्टिक के ग्लास तथा नमकीन के पैकेट मिलने से मामला संदिग्ध हो गया है। पुलिस प्रथम दृष्टया हर पहलू पर जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।
सुबह करीब 6.50 बजे कोतवाली नगर पुलिस को सूचना मिली कि अस्ती गांव जाने वाले कच्चे मार्ग पर एक व्यक्ति मृत अवस्था में पड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस और फील्ड यूनिट मौके पर पहुंची। घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण करने पर मृतक के सिर के पीछे चोट का निशान मिला। वहीं कुछ ही दूरी पर शराब की बोतल, चार प्लास्टिक के ग्लास, नमकीन के पैकेट और मृतक का मोबाइल फोन बरामद हुआ। पुलिस ने सभी सामान कब्जे में लेकर जांच के लिए सुरक्षित कर लिया। मृतक की पहचान रामप्रकाश गुप्ता पुत्र रामसजीवन गुप्ता निवासी राधानगर के रूप में हुई। पुलिस जांच में सामने आया कि रामप्रकाश थाना राधानगर का हिस्ट्रीशीटर था और उसके खिलाफ चोरी व नकबजनी के कई मुकदमे दर्ज थे। वह 10 अप्रैल 2026 को जेल से रिहा हुआ था। जेल से बाहर आने के महज साढ़े तीन महीने बाद उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। घटनास्थल पर मिले चार प्लास्टिक के ग्लास इस बात की ओर इशारा कर रहे हैं कि मौत से पहले वहां एक से अधिक लोग मौजूद थे। ऐसे में यह मामला केवल हादसा नहीं, बल्कि किसी बड़ी साजिश या वारदात से जुड़ा हो सकता है। पुलिस मृतक के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल, फॉरेंसिक साक्ष्य और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मौत के कारणों की पड़ताल कर रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों को सूचना दे दी गई है और मामले में सभी पहलुओं पर जांच जारी है। अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञान प्रकाश राय ने बताया कि मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now