फोटो परिचय- पुलिस लाइन के सम्मेलन कक्ष में दंपतियों से संवाद करते एएसपी ज्ञान प्रकाश राय व मौजूद अन्य अधिकारी।
* मिशन शक्ति अभियान के तहत पुलिस की पहल से दूर हुए पारिवारिक मतभेद
* एएसपी ने दंपतियों से बातचीत कर साझा किए अनुभव, आपसी विश्वास बनाए रखने की दी सीख
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। पारिवारिक विवादों के कारण बिखरने की स्थिति में पहुंचे 70 परिवारों को पुलिस की काउंसलिंग पहल से नई उम्मीद मिली है। परिवार परामर्श केंद्र और थानों में संचालित मिशन शक्ति केंद्रों के प्रयासों से दंपतियों के बीच आपसी सहमति बनी और उन्होंने दोबारा साथ रहकर वैवाहिक जीवन आगे बढ़ाने का निर्णय लिया।
पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन में मिशन शक्ति फेज-6.0 के अंतर्गत परिवारों को जोड़ने के लिए चलाए जा रहे प्रयासों के क्रम में शुक्रवार को पुलिस लाइन स्थित सम्मेलन कक्ष में कार्यक्रम आयोजित किया गया। अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञान प्रकाश राय ने काउंसलिंग के बाद साथ रह रहे दंपतियों से बातचीत कर उनके पारिवारिक जीवन का हाल जाना। इस दौरान दंपतियों को सम्मानित भी किया गया।
संवाद के दौरान दंपतियों ने बताया कि आपसी बातचीत, समझदारी और परामर्श से उनके बीच पैदा हुई गलतफहमियां दूर हुईं। उन्होंने परिवारों को फिर से जोड़ने में सहयोग देने के लिए पुलिस और परिवार परामर्श केंद्र के प्रति आभार जताया। एएसपी ने दांपत्य जीवन में संवाद, धैर्य और एक-दूसरे के प्रति सम्मान को महत्वपूर्ण बताते हुए विवादों का समाधान बातचीत से निकालने पर जोर दिया।
पुलिस की इस पहल का उद्देश्य पारिवारिक कलह को दूर कर रिश्तों में विश्वास बहाल करना और परिवारों को टूटने से बचाना है। कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी यातायात, मिशन शक्ति प्रभारी प्रीति कटियार, महिला थाना प्रभारी संगीता यादव, परिवार परामर्श केंद्र प्रभारी निरीक्षक संगीता सिंह समेत अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
