– व्यापार मंडल ने सांसद को सौंपा ज्ञापन
CITY NEWS FATEHPUR
फतेहपुर(CNF)। खागा रेलवे स्टेशन पर प्रमुख ट्रेनों के ठहराव की मांग एक बार फिर जोर पकड़ने लगी है। सोमवार को व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष शिवचंद्र शुक्ल के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने सांसद नरेश उत्तम पटेल से मुलाकात कर खागा रेलवे स्टेशन पर अधिक ट्रेनों के ठहराव की मांग उठाई।
व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने कहा कि यदि खागा रेलवे स्टेशन पर अधिक ट्रेनों का ठहराव सुनिश्चित किया जाता है तो इससे न केवल व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि क्षेत्र के आर्थिक और सामाजिक विकास को भी नई गति मिलेगी। उन्होंने रेलवे प्रशासन से जनहित को ध्यान में रखते हुए जल्द निर्णय लेने की मांग की। सांसद नरेश उत्तम पटेल ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त करते हुए बताया कि हाल ही में प्रयागराज में आयोजित रेलवे की उच्चस्तरीय बैठक में उन्होंने खागा रेलवे स्टेशन पर कई ट्रेनों के ठहराव का प्रस्ताव रखा है। इसके साथ ही खागा, फतेहपुर और बिंदकी रेलवे स्टेशनों पर ट्रेनों के वर्तमान दो मिनट के ठहराव को बढ़ाकर पांच मिनट किए जाने की भी मांग की गई है। उन्होंने विश्वास जताया कि रेलवे प्रशासन इस मांग पर सकारात्मक निर्णय लेगा और जल्द ही क्षेत्रवासियों को इसका लाभ मिलेगा। इस अवसर पर व्यापार मंडल के जिला उपाध्यक्ष एवं पूर्व ब्लॉक प्रमुख महेंद्र सिंह पटेल, वरिष्ठ जिला महामंत्री जितेंद्र सिंह यादव उर्फ सोनू, जिला मीडिया प्रभारी अनुपम शुक्ल, जिला मंत्री राजीव सिंह तथा युवा मंत्री साधु सिंह सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
