फोटो परिचय-  कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन करते आसपा के पदाधिकारी।

— चंद्रशेखर आजाद के काफिले पर हमले की निष्पक्ष जांच की मांग, शिक्षक भर्ती व पंचायत सहायकों का मुद्दा भी उठाया

CITY NEWS FATEHPUR

फतेहपुर(CNF)। आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) ने बुधवार को विभिन्न जनसमस्याओं और हालिया घटनाओं को लेकर आवाज बुलंद की। जिलाध्यक्ष संजय कुमार वर्मा के नेतृत्व में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट पहुंचे और प्रदर्शन के बाद राष्ट्रपति को संबोधित चार सूत्रीय ज्ञापन उप जिलाधिकारी को सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने ज्ञापन के माध्यम से संबंधित मामलों में निष्पक्ष कार्रवाई और निर्धारित कानूनी प्रक्रिया का पालन सुनिश्चित कराने की मांग की।

पार्टी पदाधिकारियों ने गोंडा, अयोध्या और बाराबंकी से जुड़े घटनाक्रम का उल्लेख करते हुए कहा कि 13 सितंबर को बाराबंकी के रामनगर क्षेत्र में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद के काफिले को रोके जाने तथा पथराव व हमले की शिकायत सामने आई थी। आसपा ने पूरे प्रकरण की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। पार्टी की ओर से सीसीटीवी फुटेज समेत अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों को सुरक्षित रखने तथा घटनास्थल पर तैनात पुलिस अधिकारियों की भूमिका की भी जांच किए जाने की मांग रखी गई।

पंचायत सहायकों की समस्याओं के समाधान पर जोर

ज्ञापन में लखनऊ के ईको गार्डन में मांगों को लेकर धरना दे रहे पंचायत सहायकों का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। पार्टी ने पंचायत सहायकों की समस्याओं पर सरकार से शीघ्र निर्णय लेने और उनकी जायज मांगों का नियमानुसार समाधान कराने की मांग की।

68500 शिक्षक भर्ती में आरक्षण का मामला उठाया

आसपा ने 68500 शिक्षक भर्ती में आरक्षण से जुड़े मामले को लेकर भी सरकार से हस्तक्षेप की मांग की। ज्ञापन में पिछड़ा वर्ग आयोग के आदेश का तत्काल अनुपालन सुनिश्चित कराने तथा प्रभावित अभ्यर्थियों को नियमानुसार न्याय दिलाने की बात कही गई।

धार्मिक स्थलों पर कार्रवाई को लेकर प्रक्रिया का मुद्दा

पार्टी ने सहारनपुर कलेक्ट्रेट परिसर स्थित मस्जिद और मुरादाबाद की मुस्तफा मस्जिद सहित अन्य धार्मिक स्थलों से जुड़े मामलों की भी निष्पक्ष समीक्षा की मांग की। आसपा पदाधिकारियों ने कहा कि धार्मिक स्थलों से संबंधित मामलों में कानून और निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप कार्रवाई होनी चाहिए तथा किसी भी स्तर पर भेदभाव की स्थिति नहीं बननी चाहिए।

ज्ञापन में पार्टी ने सभी मुद्दों को सामाजिक न्याय, जनहित, कानून-व्यवस्था और संवैधानिक अधिकारों से संबंधित बताते हुए संबंधित अधिकारियों से समयबद्ध कार्रवाई की मांग की।

इस मौके पर पवन कुमार, राहुल कुमार, अशोक कुमार आजाद, पीयूष गौतम, ब्रजेन्द्र कुमार गौतम, कमर खान, शिव प्रकाश, अजमत अली, राम प्रकाश, मो हारून, बदरूद्दीन, मो नाज खान, राजा राम निषाद, मिथलेश गौतम, रामकेश गौतम, विवेक गौतम, जयकिशन रावत, अरुण कुमार, सुरेंद्र पासवान, धर्मराज, राजन गौतम, दिनेश गौतम, जगदीश गौतम, अजमत अली, कुलदीप गौतम आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Call Now